डीजे संचालकों ने ज्ञापन सौंपकर मांगी डीजे बजाने की अनुमति
डीजे संचालकों ने कहा- जिन की एडवांस बुकिंग की है, वहां लगाने की अनुमति दी जाए
भास्कर संवाददाता | मुरैना
डीजे बजाने पर प्रतिबंध लगाए जाने के बाद शहर के डीजे संचालकों में खलबली मच गई है। उनके द्वारा अधिकारियों से चालू सीजन में डीजे बजाने की मोहलत मांगी जा रही है। मंगलवार को डीजे संचालक रैली के रूप में कलेक्टर से मिलने पहुंचे और आवेदन सौंपकर डीजे बचाने की अनुमति देने की मांग की।
समारोह व अन्य कार्यक्रमों में बजने पर वाले डीजे पर हाईकोर्ट ने प्रतिबंध लगा दिया है। यह आदेश प्रभावी होते ही डीजे संचालक सकते में आ गए हैं। वे इस बात को लेकर परेशान हैं कि महीनों पहले उन्होंने शादी व अन्य समारोह के लिए एडवांस बुकिंग कर रखी हैं। लेकिन डीजे पर प्रतिबंध होने के अधिकारियों ने मैरिज होम संचालकों को नोटिस जारी कर दिए हैं इस कारण वे डीजे नहीं बजने दे रहे। डीजे संचालकों का कहना है कि यदि वे एडवांस बुकिंग वालों के यहां डीजे नहीं लगाएंगे तो वे बुकिंग करने के एवज में चार गुना अधिक पैसा मांगेगे। साथ ही डीजे कारोबार से जुड़े सभी कर्मचारी बेरोजगार होंगे और उनके आगे रोजी-रोटी का संकट गहराएगा। इस मुद्दे को लेकर डीजे संचालक तीन दिन पहले सीएसपी से भी मुलाकात कर चुके हैं, लेकिन मोहलत न मिलने पर अब उन्होंने कलेक्टर से मोहलत देने की अपील की है।
टीआई ने लगाई लताड़
डीजे संचालक रैली निकालते हुए कलेक्टोरेट पहुंचे। लेकिन पता चला कि सभी अधिकारी पुलिस परेड ग्राउंड पर महा जनसुनवाई में है तो वे रैली के साथ परेड ग्राउंड पर पहुंच गए। डीजे संचालक नारेबाजी कर रहे थे तो कोतवाली टीआई जितेन्द्र नगाइच वहां पहुंचे और उन्हें लताड़ लगाने लगे उन्होंने कहा कि रैली निकालने के लिए अनुमति लेनी होती है, तुम्हे किसने अनुमति दी है। टीआई के तेवर देख डीजे संचालक शांत हुए और अपनी समस्या बताई। बाद में दो लोगों ने जाकर कलेक्टर को आवेदन सौंपा।