आरक्षण सुविधा के साथ सुपरफास्ट ट्रेनों के स्टॉपेज की मांग
बानमोर | भारतीय जनता पार्टी के बानमोर मंडल अध्यक्ष रामदेव शर्मा द्वारा रेल मंत्री सुरेश प्रभू देवा को पत्र भेजकर आरक्षण सुविधा एवं सुपरफास्ट ट्रेनों के स्टॉपेज कराने की मांग की गई है। भारत सरकार के रेल मंत्री को भेजे गए पत्र में मंडल अध्यक्ष ने कहा है कि बानमोर में इंडस्ट्रियल एरिया स्थित है। देश के विभिन्न प्रांतों के कर्मचारी एवं अधिकारी विभिन्न फैक्टरियों में कार्यरत हैं। लेकिन बानमोर रेलवे स्टेशन पर सुपरफास्ट ट्रेन नहीं रुकती। जिससे उन्हें रिजर्वेशन कराने के लिए मुरैना व ग्वालियर जाना पड़ रहा है। रिजर्वेशन कराने के लिए लोगों को परेशान होना पड़ता है। इसके अलावा रेलवे स्टेशन पर आरक्षण सुविधा भी उपलब्ध नहीं है। इतना ही नहीं घोषणा करने के बाद श्योपुर-ग्वालियर नेरोगेज लाइन को ब्रॉडगेज में तब्दील नहीं किया जा रहा है। भाजपा मंडल अध्यक्ष शर्मा ने रेल मंत्री से उक्त सभी मांगें पूरी करने की पुरजोर अपील की है। जिससे लोगों की समस्या का समाधान हो सके।