आधार लिंक नहीं:30 हजार ग्राहकों की रसोई गैस सप्लाई रोकी
एक साल के प्रयासों के बाद भी 30 हजार लोगों ने रसोई गैस कनेक्शन से आधार नंबर लिंक नहीं कराए हैं। इसके चलते मंगलवार को ऐसे ग्राहकों की गैस सप्लाई को तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है। ग्राहकों से कहा गया है कि वह आधार के लिए जल्द रजिस्ट्रेशन कराएं और ई कॉपी प्रस्तुत कर गैस सप्लाई शुरू करा सकते हैं।
इंडेन गैस के वरिष्ठ क्षेत्रीय प्रबंधक नीतेश कुमार श्रीवास्तव व सेल्स ऑफीसर मयंक शिवहरे ने जिलेभर के एलपीजी गैस वितरकों की बैठक में कहा कि पेट्रोलियम मंत्रालय के कड़े निर्देश हैं कि जिन ग्राहकों ने अपने आधार नंबर, रसोई गैस कनेक्शन से लिंक नहीं कराए हैं ऐसे ग्राहकों की रिफिल सप्लाई तत्काल प्रभावित से रोक दी जाए।
दोनों अधिकारियों ने कहा कि नवंबर 2014 से आधार नंबर लिंक कराने के लिए गैस उपभोक्ताओं को प्रोत्साहित किया जा रहा है लेकिन अभी तक 30 हजार लोगों ने आधार नंबर को गैस कनेक्शन से लिंक नहीं कराया है। ऐसे ग्राहकों को सब्सिडी की रिफिल सप्लाई नहीं की जाए। बैठक के बाद एलपीजी गैस वितरकों ने शहर में 12 हजार ग्राहकों की गैस सप्लाई को मंगलवार से रोक दिया है। अब आधारकार्ड गैस कनेक्शन से लिंक कराने के बाद ही ग्राहकों को सिलेंडर मिल सकेगा।
मंगलवार को एलपीजी गैस वितरकों ने बिना आधार वाले ग्राहकों को नहीं दिए सिलेंडर
आधार की ई-कॉपी से पाएं रिफिल
इंडेन गैस के सेल्स ऑफीसर मयंक शिवहरे का कहना है कि जिन लोगों के पास आधार कार्ड नहीं हैं,ऐसे ग्राहक तत्काल आधार कार्ड के लिए रजिस्ट्रेशन कराएं। ग्राहक ई-कॉपी को संबंधित एलपीजी गैस वितरक को प्रस्तुत कर अपनी रिफिल सप्लाई को शुरू करा सकते हैं।
बैंक खाता के आधार पर ही सब्सिडी ले रहे हैं
एलपीजी उपभोक्ताओं ने बैंक खाते की जानकारी देते समय यह घोषणा की थी कि आधार कार्ड बनने के बाद वह उसे गैस कनेक्शन से लिंक करा देंगे। लेकिन वह बैंक खाता के आधार पर ही सब्सिडी ले रहे हैं। ऐसे उपभोक्ताओं की रिफिल सप्लाई रोकने के आदेश पेट्रोलियम मंत्रालय ने जारी किए हैं। मयंक शिवहरे, सेल्स आफीसर इंडेन ग्वालियर
फार्म- 5 भरें और सब्सिडी बंद कराएं
गैस उपभोक्ताओं के लिए विकल्प यह भी रखा गया है कि जो लोग आधार नंबर को गैस कनेक्शन से लिंक नहीं कराना चाहते हैं, ऐसे ग्राहक फार्म नंबर 5 को भरकर संबंधित गैस एजेंसी पर जमा कराएं। उन्हें सरकार की ओर से मिलने वाली सब्सिडी को बंद कर दिया जाएगा। सब्सिडी बंद होने की दशा में उन्हें फुल रेट पर गैस रिफिल की सप्लाई शुरू कर दी जाएगी।
70 फीसदी ग्राहकों ने कराए आधार लिंक
एलपीजी गैस के एक लाख ग्राहकों के बीच से 70 फीसदी ग्राहकों ने अपने आधार नंबर को गैस कनेक्शन से लिंक करा दिया है। 30 हजार ग्राहक ऐसे हैं जिन्हें नवंबर 2014 से अब तक छह बार स्मरण दिलाने के बाद भी उन्होंने आधार नंबर को गैस कनेक्शन से लिंक नहीं कराया है।