दमोह। पारदी समाज की महापंचायत ने गुरुवार को मारपीट के एक मामले में आरोपी की पहचान के लिए दो युवकों के हाथ गर्म तेल की कढ़ाई में डलवाए। शुक्रवार को दोनों के हाथों में फफोले पड़े तो सजा के तौर पर दोनों के खिलाफ 10-10 लाख रुपए जुर्माने का फरमान जारी कर दिया। महापंचायत की इस कार्रवाई पर पुलिस ने पारदी समाज पर सामूहिक मामला दर्ज किया है। घटना दमोह शहर से लगे किल्लाई गांव की है।
गुरुवार को अंधविश्वास से भरी कथित अग्नि परीक्षा के बाद पारदी समाज के मुखिया ने शुक्रवार रात आरोपी शोबरन और गब्बर पारदी के हाथों में फफोले देखे। इसके बाद मुखिया बेला पारदी और पंच नहलाद ने सभी के सामने दोनों पर 10-10 लाख रुपए का जुर्माना किया। जुर्माने चुकाने पर उन्हें समाज से बहिष्कृत करने की चेतावनी भी दी गई। आरोपियों के मुताबिक वे इतने पैसे नहीं चुका सकते। इस बीच कलेक्टर स्वतंत्र कुमार सिंह ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों को कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
शनिवार को सीएसपी पीपी गौतम ने बताया कि गब्बर पारदी की रिपोर्ट पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसके बाद से ही मुखिया पंच फरार हो गए हैं।
महापंचयात के खिलाफ सामूहिक मामला दर्ज, मुखिया-पंच फरार : दमोह। अग्नि परीक्षा के बाद शोबरन और गब्बर के हाथ में पड़े फफोले।
(देहात थाना में पुलिस सुरक्षा में बैठे दोनों युवक। )