नहर में युवक डूबा, न जाल डाला न पानी रोका, चार घंटे बाद पहुंचे गोताखोर
जौरा प्रशासन की अनदेखी के कारण हो गई युवक की मौत
घटनास्थल से पांच किलोमीटर दूर मिला युवक का शव
भास्कर संवाददाता | मुरैना
चंबल नहर में डूबने से शुक्रवार को एक युवक की मौत हो गई। उसे बचाने के प्रयास चार घंटे बाद शुरू हुए, जबकि जौरा प्रशासन को सूचना समय रहते मिल गई थी। जौरा एसडीएम आरएस बाकना घटना के चार घंटे बाद मौके पर पहुंचे और उन्होंने जो बचाव दल बुलवाया, उसमें मात्र गोताखोर नहर पर खाली हाथ आए। पता चला कि होमगार्ड के कमांडेंट मुख्यालय पर नहीं थे, जबकि बचाव दल के सामान वाले कमरे की चाबी जिस जवान पर थी, वह कोलकाता गया हुआ था। ऐसे में बचाव कार्य समय पर शुरू नहीं हुआ।
इस बीच ग्रामीणों ने मशक्कत करके नहर से पांच घंटे की मेहनत के बाद युवक का शव निकाल पाया। यह शव घटनास्थल से पांच किलोमीटर दूर मिला। जबकि प्रशासन ने यहां बचाव के कोई प्रयास नहीं किए। केवल दो पटवारी ही ग्रामीणों के साथ इस गंभीर परिस्थिति में जूझते रहे। ग्रामीणों का कहना था कि अगर समय रहते प्रशासन बचाव कार्य शुरू करता तो शायद युवक की जान बच जाती।
मां को किनारे पर छोड़ पानी पीने उतारा नहर में : पिपरई गांव निवासी 18 वर्षीय युवक आशीष पुत्र पप्पू सिंह अपनी मां कैलाशी को बाइक पर बैठाकर छिनवरा मंदिर पर दर्शन को गया था। शुक्रवार की दोपहर 12 बजे वह मंदिर से लौटकर चंबल नहर (अंबाह ब्रांच केनाल) किनारे की सड़क से अपने गांव को लौट रहा था। आशीष को प्यास लगी तो उसने बाइक रोकी और मां को सड़क किनारे खड़े छोड़कर नहर किनारे पानी पीने उतरा।
तेज बहाव में बह गया युवक: अंबाह ब्रांच केनाल में आजकल पानी चल रहा है। जब आशीष इसके किनारे पर पानी पीने उतरा तो उसका पैर फिसल गया और वह पानी के तेज बहाव में बह गया। उसके चिल्लाने की आवाज उसकी मां कैलाशी ने सुनी तो वे बदहवास होकर नहर की ओर भागीं। तब वे चिल्लाई तो आसपास के खेतों पर काम कर रहे किसान मौके पर आ गए। फिर लोगों ने इसकी सूचना पुलिस व प्रशासन को दी। साथ ही ग्रामीणों ने बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों के सहयोग से चले बचाव कार्य में पांच बजे के करीब घटनास्थल से पांच किलोमीटर दूर आशीष का शव मिला।
दो पटवारी व एक सचिव मौके पर आए : युवक के नहर में डूबने की सूचना पर इस क्षेत्र के पटवारी अशोक व्यास व सुरेश बंजारा समेत सिहोरी के ग्राम पंचायत सचिव भूरे सिंह सिकरवार मौके पर पहुंच गए।
नहर में डूबे युवक की मौत।