- Hindi News
- दो महीने में ही उखड़ी 22 करोड़ से बनी अंबाह ब्रांच केनाल
दो महीने में ही उखड़ी 22 करोड़ से बनी अंबाह ब्रांच केनाल
चीफ इंजीनियर ने कहा दोषी अफसर और ठेकेदार के खिलाफ करेंगे कार्रवाई।
अरविंदशर्मा/आकाश सिंह भदौरिया | भिंड
22करोड़की लागत से दो महीने पहले बनाई गई अंबाह ब्रांच केनाल के लाइनिंग के निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया। 15 किमी लंबी नहर में चंबल नदी के खराब रेत का प्रयोग किया गया, जिसकी वजह से जगह-जगह दरारें और गड्ढे नजर रहे हैं। गड़ेर में नहर के मिक्सिंग प्लांट पर चंबल नदी का सैकड़ों ट्रॉली रेत डंप था। सिंचाई विभाग के चीफ इंजीनियर एनपी कोरी ने दोषी अफसरों और ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की बात कही है।
सांई लक्ष्मी कंस्ट्रक्शन ने 15 किलोमीटर लंबी कनेरा हेड से लेकर बिंडवा हेड नहर तक अंबाह ब्रांच केनाल में एक से लेकर दो इंची कांक्रीट की परत बिछाई है, जबकि तीन इंची क्रांकीट की परत बिछानी थी। सबसे अहम बात तो यह है कि बॉटम (निचला हिस्सा) पर रोलर नहीं चलाया गया, जिसकी वजह से 10-10 फीट लंबाई में गड्ढे हो गए हैं। सिंचाई विभाग के एसडीओ दुर्गालाल सूर्यवंशी ने कहा कि उन्होंने घटिया निर्माण की वजह से पांच करोड़ रुपए का पेमेंट तक रोक दिया गया है।
कोटा बैराज से एक महीने बाद 96 गांव के किसानों की जमींन को सिंचित करने के लिए पानी छोड़ा जाएगा, लेकिन पानी छोड़ने से पहले ही नहर की कांक्रीट जगह-जगह से उखड़ गई है। जलसंसाधन विभाग के अध्यक्षों ने नहर के घटिया निर्माण कार्य की सिंचाई विभाग के प्रमुख सचिव से लेकर प्रमुख अभियंता से शिकायत की है।
एसडीओबोले मिक्सिंग प्लांट में चंबल का रेत : सिंचाईविभाग के एसडीओ दुर्गालाल सूर्यवंशी ने भास्कर से बातचीत के दौरान कहा कि एक बार ग्रामीणों ने नहर के मिक्सिंग प्लांट पर चंबल नदी का खराब रेत डाल दिया था, जिसकी वजह से काफी हंगामा हुआ था, लेकिन ग्रामीणों ने अफसरों पर भ्रष्टाचारी के आरोप लगाए हैं। कनेरा निवासी देवेंद्र शर्मा और संजय शर्मा ने कहा कि नहर के निर्माण कार्य में दो करोड़ रुपए का घोटाला हुआ है।
अंबाह ब्रांच केनाल का निर्माण कार्य सांई लक्ष्मी कंस्ट्रक्शन कंपनी को दिया गया है, लेकिन 80 करोड़ रुपए के काम सांई लक्ष्मी कंस्ट्रक्शन के पास है, जिसकी वजह से ठेकेदार ने दुर्गा कंपनी को पेटी पर ठेका दे दिया है। विभागीय अफसरों का कहना है कि सांई लक्ष्मी कंस्ट्रक्शन की पहुंच आला अफसरों तक है, जिसकी वजह से कोई कार्रवाई नहीं हुई है।