कृमि की गोली खाने से 12 विद्यार्थी बीमार
नेशनल डी-वार्मिंग डे की पहली पाली में कथित रूप से एलबेंडाजोल कृमिनाशक गोलियों का सेवन करने के बाद आमला ब्लॉक के धौंसरा गांव के प्रायमरी स्कूल के एक दर्जन बच्चे बीमार हो गए। बच्चों को एंबुलेंस से अस्पताल लाया।
हेडमास्टर गौरी टिकारे ने बताया स्कूल में 20 बच्चे हैं। इनमें से बुधवार को 18 बच्चे स्कूल पहुंचे थे। सुबह सुबह 11. 30 बजे ही आशा कार्यकर्ता ने कृमिनाशक गोलियां दी थी। गोलियां खाने के कुछ देर बाद से ही 12 बच्चों ने कभी सिर और कभी पेट दर्द होने की शिकायत करना शुरू कर दिया। शिक्षिका ने पहले तो बच्चों को ओआरएस का घोल पिलाया। इससे कुछ देर के लिए बच्चों को आराम मिला, लेकिन मध्यान्ह भोजन के बाद भी बच्चों की तकलीफ बंद नहीं हुई। सूचना मिलने पर 108 इमरजेंसी सेवा के ईएमटी प्रहलाद साहू एवं पायलट राहुल कामतकर सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे।
बच्चों ने गोली खाई, तुरंत बाद ही दर्द होने की शिकायत की। कुछ को चक्कर भी आए। एआर आवठे, सीएससी, जनपद शिक्षा केंद्र
कई बार खाली पेट दवा खाने से इस तरह की समस्या आती है। बच्चों ने मध्यान्ह भोजन भी खाया है। इसलिए अभी स्पष्ट तौर पर नहीं कहा जा सकता बच्चे बीमार किस कारण हुए हैं। इलाज जारी है। डॉ. मनीष जौंजारे, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र
ये बच्चे हुए बीमार
स्कूल की पिंकी पिता सुरेश (10), रानू सुरेश (08), नंदिनी सुरेश (6σ), सागर गोलू (7), भूमिका समरलाल (9), दीपिका समरलाल (7), निशा रमेश (10), शिवानी सुरसेन, सुखदेव पिता, अजय सदाराम बीमार हुए।