- Hindi News
- भोपाल के करोंद में शांति, दहशत अब भी कायम
भोपाल के करोंद में शांति, दहशत अब भी कायम
करोंदकी अमन कॉलोनी में शुक्रवार को कोई चहल-पहल नजर नहीं आई। वहां सभी घरों पर ताले लटके रहे और माहौल पुलिस की गाड़ियों के हूटर से गूंजता रहा। कॉलोनी से लगे मकानों में रह रहे लोग दहशत में हैं। यहां गुरुवार को मुस्लिमों के दो समुदायों के बीच हिंसक संघर्ष हुआ था। पुलिस ने इस मामले में 122 लोगों के खिलाफ नामजद प्रकरण दर्ज किया है। इनमें से 33 को गिरफ्तार किया जा चुका है।
अमन कॉलाेनी में बुधवार की रात दो गुटों के बीच विवाद हो गया था। गुरुवार की सुबह एक गुट के 500 से ज्यादा लोगों ने दूसरे पक्ष के घरों को घेर लिया और लाठी-डंडों तलवारों से उन पर हमला बोल दिया। इस दौरान करीब 39 मकानों 28 वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया।
हमले में पांच पुलिसकर्मियों समेत 25 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। शुक्रवार सुबह नगर निगम का अमला यहां पहुंचा और जलाए गए वाहनों को उठाकर ले गया। हालांकि, घरों के बाहर पड़े दूसरे सामान हिंसा की कहानी बयां कर रहे थे। कॉलोनी और उसके आसपास भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
33 को किया गिरफ्तार, 122 नामजद
निशातपुरा पुलिस ने इस मामले में गुनगा थाना प्रभारी कुलदीप खत्री की शिकायत पर बलवा मारपीट और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। हिंसा के दौरान उपद्रवियों ने टीआई पर भी हमला कर दिया था। इस दौरान उनके सिर पर सात टांके आए हैं। इसके अलावा पुलिस ने पांच अलग-अलग प्रकरण भी दर्ज किए हैं। इनमें 122 नामजद आरोपी बताए जा रहे हैं। शुक्रवार रात तक पुलिस ने उपद्रव के आरोप में 33 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। बचे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस इलाके में दबिश दे रही है।