स्कूल की छत टपकने से होती है परेशानी
कार्यालय संवाददाता | आष्टा/सिद्दीकगंज
विकासखंडकी ग्राम पंचायत सिद्दीकगंज के तहत आने वाले गांव सुशीलनगर में स्थित प्राइमरी स्कूल का भवन पिछले कई समय से खस्ताहाल अवस्था में है। इससे बच्चों को पढ़ाई करने में परेशानी हो रही है। इसके बाद भी जिम्मेदार इस और ध्यान नहीं दे रहे हैं।
गौरतलब है गांव सुशीलनगर के प्राथमिक स्कूल का भवन लंबे समय से कंडम हालत में है। स्कूल भवन की दीवारों में दरारें पड़ गई है। वहीं बारिश में छतों से पानी भी टपकता है। इसके बाद भी इसमें कक्षाएं लगाई जा रही हैं। इस कारण विद्यार्थियों को पढ़ाई करने में दिक्कतें हो रही हैं। वहीं बड़ा हादसा होने की भी संभावना बनी हुई है। इसके बावजूद जिम्मेदार इस और ध्यान देने की बजाए लापरवाही बरतते नजर रहे हैं। ग्रामीणों ने इस संबंध में कई बार उच्च अधिकारियों से लेकर जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया है। इसके बाद भी आज तक किसी ने ध्यान नहीं दिया है। लोगों का कहना है कि भवन की हालत इतनी ज्यादा खराब हो गई है कि वह कभी भी धराशाई हो सकता है।
स्कूल में 79 बच्चें हैं दर्ज- स्कूल में 79 बच्चें दर्ज हैं। स्कूल में जगह का भी अभाव बना हुआ है। इस कारण विद्यार्थियों को पढ़ाई करने में दिक्कतें होती हैं। जबकि बारिश में पानी गिरने पर तो मजबूरन शिक्षकों को अतिरिक्त कक्ष के भवन में सभी कक्षाओं को एकसाथ बैठाकर पढ़ाना पढ़ता है। स्कूल के सहायक अध्यापक नर्बत सिंह ने बताया कि स्कूल भवन पुराना होने से वह खस्ताहाल हो गया है। ठंड गर्मी के दिनों में तो बच्चों को बैठाकर पढ़ा लेते हैं, लेकिन बारिश में पढ़ाने में परेशानी होती है। उल्लेखनीय है कि कई गांवों में इस प्रकार की स्थिति है।
इस संबंध में संकुल प्रभारी एसएल खरतिया का कहना है कि सुशील नगर का स्कूल भवन कंडम हो गया है। इस बारे में उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया है।