निकाय चुनाव के लिए एकजुटता से काम करें
निकाय चुनाव के लिए एकजुटता से काम करें
कार्यालय संवाददाता | आष्टा
आजहमारी केंद्र प्रदेश में सरकार है, इसलिए विकास कराने में किसी प्रकार का रोड़ा नहीं है। हमें देश को कांग्रेस मुक्त बनाना है। इसलिए आगामी नगर पालिका नगर पंचायत चुनाव में मनमुटाव नहीं रखते हुए एकजुट होकर कार्य करना है।
यह बातें शुक्रवार को नगर के गोकुलधाम में आयोजित भारतीय जनता पार्टी की जिला बैठक में प्रभारी मंत्री रामपाल सिंह ने कार्यकर्ताओं के बीच कहीं। श्री सिंह ने कहा कि सभी कार्यकर्ता तैयार रहें और सभी वार्डों में भ्रमण कर सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का प्रचार-प्रसार कर लोगों के बीच जाकर संपर्क बनाएं। साथ ही आने वाले नगरीय चुनावों में वोट देने की अपील भी करें। प्रभारी मंत्री ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं में शक्ति है, जिससे वे आने वाले नगरीय चुनाव में भी भाजपा को विजय दिलाएंगे। नगर गांवों के लिए सरकार बराबर धन राशि उपलब्ध करा रही है। केंद्र प्रदेश में हमारी सरकार होने से हमारा स्थान तो मजबूत है, लेकिन जो कमी बनी हुई है उसे आगामी चुनाव से दूर करना है। चुनाव के बाद नगरीय क्षेत्र में भी हमारे ही लोग होंगे जिससे चारों तरफ विकास होगा। इस अवसर पर विधायक रंजीत सिंह गुणवान ने कहा कि प्रदेश को स्वर्णिम बनाने में मुख्यमंत्री का अहम योगदान है। चुनाव में मनमुटाव को दूर रखकर एकजुटता से कार्य करें। बैठक में जिला भाजपा अध्यक्ष रघुनाथ सिंह भाटी, पूर्व जिलाध्यक्ष ललित नागौरी, जिला प्रवक्ता राजकुमार गुप्ता, गुरुप्रसाद शर्मा, मदन लाल त्यागी, मंडी अध्यक्ष धरम सिंह आर्य, भूमि विकास बैंक अध्यक्ष देवी सिंह परमार, पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह मालवीय, मुकेश बडज़ात्या, शोभा शर्मा, राकेश सुराना उपस्थित थे।