समस्या सुनी और बनाए चोरी प्रकरण
कार्यालय संवाददाता | आष्टा/मैना
ब्लॉक के गांव मैना में बिजली कंपनी द्वारा विद्युत सेवा शिविर का आयोजन किया गया। इसमें उपभोक्ताओं की समस्याओं को सुना गया। वहीं उनका मौके पर निराकरण भी किया गया। शिविर में बिजली बिल से संबंधी शिकायतों का निराकरण किया गया।
उल्लेखनीय है कि बिजली कंपनी द्वारा इस समय ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर गांवों में विद्युत सेवा शिविर लगाया जा रहा है। इसमें समस्याओं को सुनने के बाद उनका निराकरण किया जा रहा है। इसी के तहत गांव मैना में शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों को कई तरह की आवश्यक जानकारी दी गई। वहीं जो समस्याएं बनी हैं उनका भी नियमानुसार समाधान किया गया। गांव के चक्की वाले उपभोक्ता हीरालाल मंडलोई की चक्की कनेक्शन के बिल में सुधार कर राशि कम की गई। इसी तरह ओंकारबगस माहेश्वरी के बिल में भी सुधार किया गया। इसी तरह किसान नारायण सिंह जावारिया के पंप बिल जो की 5 हार्स पावर का कनेक्शन है जिसका बिल कं पनी द्वारा 6 हार्स पावर का दिया जा रहा था उसका भी सुधार किया गया। इस तरह से अन्य उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान हुआ।
मीटर की भी मिली शिकायत
शिविर में मीटर से संबंधित शिकायत आने पर गांव के चार उपभोक्ताओं को नए मीटर लगाए गए। इस मौके पर डीई डीबी वाष्र्णेय ने सभी उपभोक्ताओं की शिकायतों को सुनकर उनका निराकरण किया। शिविर में कई उपभोक्ता ऐसे भी थे जिनकी समस्याओं का निराकरण नहीं हो सका। गांव के किसान नारायण सिंह पुत्र अमर सिंह ने बताया कि उसका पंप कनेक्शन का मामला सुलझ नहीं सका। उसने बताया कि 30 अगस्त 2010 तक उसे पांच हार्स पावर का बिल दिया गया था।
उसके बाद से कंपनी द्वारा सात एचपी का बिल दिया जा रहा है। इसकी कई बार उच्च अधिकारियों को भी शिकायत की है। इसके बाद भी कुछ नहीं हो पाया है।
बिजली कटौती बंद करने का उठा मुद्दा
गांव में हो रही बिजली कटौती को बंद करने के संबंध में शिविर में गांव के सुरेश कुमार, प्रेम सिंह, जमना प्रसाद पहलवान ने डीई श्री वाष्र्णेय से चर्चा की। इस पर उन्होंने गांव में सुबह शाम हो रही कटौती को बंद करने के निर्देश दिए। वहीं ग्रामीणों ने खस्ताहाल लाइनों को बदलकर केबल डालने की भी मांग की।
उड़न दस्ते ने बनाए कई चोरी के प्रकरण
शिविर के साथ आए बिजली कंपनी के उड़नदस्ते द्वारा गांव में सघन चैकिंग अभियान चलाया गया। इसमें 5 चोरी के प्रकरण बनाए गए। शिविर में आए उड़नदस्ते द्वारा गांव के दो निजी स्कू 3 घरेलू विद्युत चोरी के धारा 126 134 के तहत प्रकरण बनाए।
मैना में विद्युत सेवा शिविर का आयोजन किया गया। इसमें काफी संख्या में ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण किया गया।