वसूली ने किसानों की परेशानी बढ़ाई
एक बार फिर बिजली कंपनी फसल आने से पहले ही बकाया राशि जमा कराने के नाम पर उपभोक्ताओं को परेशान कर रहे हैं। जबकि इस समय किसानों की आर्थिक हालत ठीक नहीं है। कंपनी वसूली के नाम पर क्षेत्र में तीन सौ से अधिक बिजली कनेक्शन काट चुकी है।
साथ ही बिजली कंपनी बकायादारों पर कार्रवाई के नोटिस भी भेजे जा रहे हैं। वहीं कई गांव ऐसे हैं जहां पर चार महीने से अंधेरा छाया हुआ है। इस बार त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में इस बार निर्वाचन आयोग के नियम के अनुसार नो-ड्यूज के लिए कंपनी ने बकायादारों से लाखों रुपए वसूले थे। पाड़लिया गांव के लोगों ने आरोप लगाया कि बिजली कंपनी ने बकायादारों से राशि वसूले बिना ही नो-डयूज दे दिया है। गांव में चार महीने से बिजली नहीं है। जबकि गांव के लोगों ने डेढ़ लाख से अधिक जमा भी कर दिया है। कंपनी का कहना है कि जो चार लाख रुपए बकाया है उसका आधा जमा कराना होगा। हालांकि अभी आष्टा सहित जावर डीसी मिलाकर बिजली कंपनी का करीब 18 करोड़ रुपए बकाया है। उसे वसूल करने के लिए कंपनी के कर्मचारी बकायादार उपभोक्ताओं के घर-घर पहुंच रहे हैं। जो बकाया जमा नहीं करा रहे हैं उनके कनेक्शन भी काटे जा रहे हैं। आष्टा और जावर तहसील में कनेक्शन काटे जा रहे हैं। इसके अलावा जिन गांवों पर अधिक बकाया है वहां पर डीपी ही उतारकर ले गए हैं। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष वैसे ही किसानों की आर्थिक हालत खराब है। उन्होंने कर्ज लेकर खाद बीज की व्यवस्था कर रबी फसल की बोवनी की है। ऐसे में उनके पास रुपए की कमी चल रही है। ऊपर से विद्युत वितरण कंपनी वाले बकाया के नाम पर उनके कनेक्शन काट रहे हैं। लोगों का कहना है कि कंपनी वालों का ध्यान मेंटनेस के बजाए वसूली पर अधिक रहता है।
पैदावार पर पड़ेगा असर
इससमय किसानों कि आर्थिक स्थिति खराब चल रही है। नई फसल अभी आई नहीं है। ऐसे में कं पनी वाले वसूली के नाम पर उपभोक्ताओं को परेशान कर रहे हैं। बकाया राशि जमा नहीं करने पर उनके कनेक्शन काटे जा रहे हैं। ऐसी स्थिति में लोगों को अंधेरे में रहने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। किसान खेतों में सिचंाई भी नहीं कर पा रहे हैं। किसानों का कहना है कि जब फसल आएगी तभी बकाया जमा करा देंगे।