सर्राफा व्यापारियों ने वित्त मंत्री के नाम एसडीएम को दिया ज्ञापन
पेनकार्ड की क्रय-विक्रय में अनिवार्यता से सर्राफा व्यापार पर संकट आ गया है। इससे होने वाले नुकसान को लेकर बुधवार को व्यापारी एकजुट होकर तहसील कार्यालय पहुंचे। वहां पर वित्त मंत्री के नाम अतिरिक्त तहसीलदार को ज्ञापन दिया।
ज्ञापन में सर्राफा व्यापारी संघ अध्यक्ष गणेश सोनी ने बताया कि एक जनवरी 2016 से दो लाख रुपए से ऊपर के क्रय-विक्रय पर पेनकार्ड अनिवार्य कर दिया है। इसका सोना, चांदी व अन्य र|ों के बिक्री पर बुरा असर पड़ेगा। सोने,चांदी के आभूषणों का चलन है। शादी-विवाह व त्योहारों पर जेवर बेचकर या फिर बदलकर नए जेवर खरीदना, बनवाना या क्रय-विक्रय करना चलता रहता है। आकस्मिक अर्थव्यवस्था के समय धन के संग्रह का साधन होता है। इसमें सामान्य वर्ग एवं आम नागरिक भी आते हैं। जिनके पास वर्तमान में पेनकार्ड नहीं है। प्रावधान के अनुसार जिस ग्राहक के पास पेनकार्ड नहीं है उसे लेनदेन करने पर दुकानदार को ग्राहक से 60, 61 नंबर का फार्म भरवाकर जानकारी आयकर विभाग को देना होगा। यह व्यवसाय के लिए असंभव और जटिल है। ग्राहक से ज्यादा जानकारी मांगने पर वह हमारे प्रतिष्ठान पर आना मुनासिब नहीं समझेगा। इससे नुकसान होगा। सभी व्यापारियों ने ज्ञापन के माध्यम से प्रावधान वापस लेने की मांग की है। इस अवसर पर सभी व्यापारी मौजूद थे।