मनरेगा संगठन ने मांगों को लेकर दिया ज्ञापन, विरोध
बुधवार को खेड़ापति सरकार को दिया ज्ञापन
भास्कर संवाददाता | आष्टा
मनरेगा संविदा अधिकारी व ग्राम रोजगार सहायक अपनी मांगों को लेकर लंबे समय से प्रयास कर रहे हैं। इसके बाद भी इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इसके चलते वह 8 फरवरी से संघ के आव्हान पर जनपद पंचायत में सामूहिक हड़ताल कर रहे हैं। इसके क्रमबद्ध आंदोलन के चलते ज्ञापन भी दिए जा रहे हैं।
अधिकारी कर्मचारी एवं ग्राम रोजगार सहायक संगठन ने हड़ताल के दूसरे दिन विधायक रंजीत सिंह गुणवान तथा जनपद अध्यक्ष धारा सिंह पटेल को संविदा पद पर पदस्थ विभिन्न पदों के अमले को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में स्वीकृत पदों पर नियमित करने की मांग की। साथ ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नाम एक समर्थन पत्र की मांग की गई। उक्त समर्थन पत्र को विधायक श्री गुणवान एवं जनपद अध्यक्ष श्री पटेल ने मुख्यमंत्री को प्रेषित कर दिया है। मांग करने वालों में जिलाध्यक्ष अंकुर शर्मा, ब्लाक अध्यक्ष रविंद्र राजपूत, मीडिया प्रभारी लाडसिंह मालवीय, ब्लाक उपाध्यक्ष सुरेंद्र ठाकुर एवं समस्त मनरेगा अधिकारी, कर्मचारी एवं रोजगार सहायक उपस्थित थे।
हड़ताल से काम हुए ठप
हड़ताल से मनरेगा में मजदूरी व भुगतान प्रभावित होगा। स्वच्छ भारत अभियान के तहत शौचालय निर्माण भी नहीं होगा। पेंशन, स्वच्छ भारत अभियान, जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र समग्र आदि कार्य ठप पड़े हैं। समग्र में नाम जोड़ना व हटाना व संशोधित नहीं हो पाएगा।
हड़ताल के तीसरे दिन बुधवार को किया सदबुद्धि यज्ञ
क्रमिक हड़ताल के तीसरे दिन बुधवार को शासन की सदबुद्धि के लिए यज्ञ किया गया। इसके बाद सभी ने मिलकर खेड़ापति सरकार को ज्ञापन भी दिया। 11 को भैंस के आगे बीन बजाकर सोई सरकार को जगाने की कोशिश की जाएगी। वहीं संविदा कर्मचारियों के प्रति संवेदनशील होकर निर्णय लेने की मांग की जाएगी। 12 को कलेक्टर को ज्ञापन भी दिया जाएगा। मांग पूरी नहीं होने की दशा में 25 फरवरी से अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी। मनरेगा व ग्राम रोजगार सहायक संगठन के जिलाध्यक्ष अंकुर शर्मा ने बताया कि हम अपनी मांगों को लेकर संघर्ष करते आ रहे हैं। इसके बावजूद शासन व सरकार इस ओर ध्यान नहीं दे रही है। इसके चलते संघ के आव्हान पर 8 से 14 फरवरी तक हड़ताल पर रहेंगे। मांगों में नियमितिकरण व अन्य समस्याओं का निराकरण है।
हड़ताल पर चल रहे मनरेगा कर्मचारियों ने जनपद अध्यक्ष को ज्ञापन दिया