पुल की नहीं की जा रही मरम्मत
गांव रनायल बोरखेड़ा जोड़ के बीच पार्वती नदी पर बना पुल पिछले कई समय से खस्ता हालत में है। इसके बाद भी इसकी मरम्मत नहीं की जा रही है। इससे पुल से आवागमन करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बोरखेड़ा के पास पार्वती नदी में बना पुल वर्षों पुराना होने से खस्ता हालत में पहुंच गया है। पुल पर जहां जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं तो वहीं घाटी भी गड्ढों में तब्दील हो गई है। इस कारण पुल से आवागमन करते समय कई बार लोग दुर्घटना के शिकार हो चुके हैं। पुल पर रोशनी के भी इंतजाम नहीं है। इससे रात में लोगों को ज्यादा परेशानी होती है। ग्रामीणों ने इस संबंध में जनप्रतिनिधियों से लेकर प्रशासनिक अधिकारियों तक को अवगत कराया है। बावजूद इसके अब तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।
कम ऊंंचाई से हो रही परेशानी
पार्वती नदी पर पुल की ऊंचाई भी जमीन से सिर्फ 4 फीट के करीब है। इससे बारिश के मौसम में थोड़ी बारिश होते ही पुल पर पानी जाता है और रास्ता बंद हो जाता है। बारिश में कई बार पुल से निकलते समय लोग पैर फिसलने के कारण नदी में गिर भी चुके हैं।
इन गांवों के लोगों का होता है आवागमन
बोरखेड़ा के पास नदी पर बने पुल से बोरखेड़ा, निपानियां, पोचानेर, कोलवा, गाडराखेड़ी, अरनिया कलां, शुजालपुर के अलावा और भी कई गांवों के लोगों का आवागमन होता है। इसके बाद भी इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।