फिर ट्रक सहित 8 लाख का सोयाबीन हुआ गायब
आष्टा के पास हुई वारदात
एकबार फिर मंडी में काम करने वाले एक गल्ला व्यापारी के माल पर अज्ञात बदमाशों ने हाथ साफ कर दिया। उक्त व्यापारी ने अपना माल इंदौर के लिए भरा था लेकिन यह ट्रक माल सहित बीच से ही गायब हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार नगर की गल्ला मंडी में खरीदी करने वाले गल्ला व्यापारी दिनेश विजयवर्गीय ने दो दिन पहले 250 क्विंटल सोयाबीन इंदौर के ट्रांसपोर्टर विनोद शिवहरे के एमपी 09, एचबी 3950 के ट्राले में इंदौर के लिए भरा था। उसका ट्राला शुजालपुर के ही राजेश ठाकुर नामक ड्रायवर चला रहा था। जब राजेश ठाकुर ट्राला लेकर जा रहा था तभी उसको उसके मालिक ने फोन कर कहा कि उसको आष्टा से एक डिब्बा घी का लेकर आना है। वह अपना ट्रक आष्टा की चौपाटी पर खड़ा कर क्लीनर को छोड़कर चला गया। मालिक के बताए गए स्थान पर गया लेकिन उसको वहां पर कोई नहीं मिला। जब वह वापस आया तो वहां पर ट्रक गायब था। इसकी जानकारी उसने गल्ला व्यापारी दिनेश विजयवर्गीय को दी। दिनेश विजयवर्गीय ने ट्रक मालिक विनोद शिवहरे को फोन लगाकर पूछा तो उसने बताया कि इस नंबर की गाड़ी तो उसी की है लेकिन अभी यह ट्रक मुंबई गया है।
उसके बाद गल्ला व्यापारी द्वारा आष्टा थाने में माल गायब होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। वहीं दूसरी ओर शुजालपुर का जो ड्रायवर राजेश ठाकुर आष्टा तक ट्रक लेकर गया था उसका कहना है कि ट्रक मालिक से हमेशा फोन पर ही बात हुई है। उसको देखा नहीं है। वह दो दिन पहले से ही उसका ट्रक चलाने लगा है। गल्ला व्यापारी दिनेश विजयवर्गीय का कहना है कि ट्रक मालिक से चर्चा की गई तो उसने कहा कि कोई ट्रक नहीं भेजा गया है। उसने ड्रायवर राजेश को पहचानने से भी मना कर दिया।
उल्लेखनीय है कि यहां पर इस तरह की यह कोई पहली घटना नहीं है। इसके पूर्व मनीष मुरारी फर्म का करीब 25 लाख का गेंहू 6 माह पूर्व झारखंड के लिए भरा गया था जो बनारस के ट्रांसपोर्टर के ट्रक में भरा गया था। उसका अभी तक कोई पता नहीं चला है।