अब सड़क तक पहुंचा ईंट-भट्टों का कब्जा
नगरके वार्ड क्रमांक एक दोराबाद से पीली खदान जाने वाले कांक्रीट रोड़ के किनारे तक ईंट भट्टे वालों ने अतिक्रमण कर रखा है। इससे आवागमन करने वाले लोगों को परेशानी उठाना पड़ रही है।
पुरानी दोराबाद रोड़ से पीली खदान के अलावा नई दोराबाद के लोगों का भी प्रतिदिन आवागमन होता है। उक्त मार्ग सकरा तो है ही साथ में इस समय ईंट-भट्टे वालों ने भी अतिक्रमण करना शुरू कर दिया है। यह लोग अपने भट्टे को लगाते हुए सड़क किनारे तक पहुंच गए हैं।
इससे यदि दो वाहन आमने-सामने जाते है तो उनको सड़क पर क्रासिंग की भी जगह नहीं मिलती है। इससे लोगों को काफी परेशानी उठाना पड़ती है। इसी प्रकार उक्त भट्टा संचालक दूसरी तरफ पार्वती नदी के अंदर तक पहुंच गए हैं। इन लोगों ने मिट्टी के लिए नदी के किनारों को ही खोद कर रख दिया है। जिससे बरसात के समय पानी फैलकर आबादी क्षेत्र तक पहुंच जाता है। इसके बाद भी इस तरफ ध्यान नहीं दिया जा रहा है। अतिक्रमण की समस्या से लोग काफी परेशान हो चुके हैं।
बाजारमें भी यही हाल
नगरके बाजार में भी कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों के सामान को सड़क किनारे तक फैला रखा है। इससे प्रत्येक दिन जाम की स्थिति बनती है। इससे लोगों को काफी दिक्कतें उठाना पड़ती है। इसके बाद भी इस तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहा है।