विस्थापित लोगों को नहीं मिली सुविधा
कार्यालय संवाददाता | आष्टा/सिद्दीकगंज
रामपुराडेम के विस्थापित गांव सुशीलनगर में आज भी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। गांव तक जाने के लिए पक्का रोड अन्य सुविधा नहीं होने से लोगों को काफी परेशानी हो रही है।
शासन योजनाएं तो कई चला रहा है, लेकिन जिम्मेदारों की लापरवाही से इनका लाभ लोगों को नहीं मिल पा रहा है। इस कारण उन्हें जो सुविधा मिलना चाहिए, वह नहीं मिल रही है। ग्राम पंचायत सिद्दीकगंज के गांव सुशीलनगर को विस्थापित हुए कई साल बीत गए हैं। इसके बाद भी इस गांव के लोगों को मूलभूत सुविधाएं नसीब नहीं हो पा रही हैं। गांव तक पक्का रोड नहीं बना होने से लोगों को 12 महीने कच्चे उबड़-खाबड़ मार्ग से ही मुख्य मार्ग तक जाना पड़ता है। जबकि बारिश के दिनों में तो स्थिति और ज्यादा खराब हो जाती है। बारिश में यदि गांव में कोई बीमार होता है तो उसे भी चारपाई पर लादकर अस्पताल लेकर आना पड़ता है। तब कहीं जाकर मरीज को उपचार मिल पाता है। इसी तरह से गांव में भी पक्का कांक्रीट रोड, नालियां नहीं बनी होने से मुख्य मार्ग पर गंदा पानी भरा रहता है। इसके अलावा अन्य समस्याएं भी बनी हुई हैं।
योजनाका नहीं मिल रहा लाभ : सुशीलनगर 500 की आबादी वाला गांव है। यहां के लोगों को नल-जल योजना का भी लाभ नहीं मिल पा रहा है। इस कारण उन्हें इधर-उधर से पीने का पानी भरकर लाना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में एक हैंडपंप लगा है, उस पर भी भीड़ रहती है। इसके चलते कुएं, ट्यूबवेलों से भी पानी लाना पड़ता है। ग्राम पंचायत सचिव अमर सिंह सेन ने बताया कि बजट के अभाव में विकास नहीं हो पाया है। बजट आते काम कराए जाएंगे।