पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • चार समाजों के सम्मेलन में 30 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे

चार समाजों के सम्मेलन में 30 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
शनिवार को वसंत पंचमी के अवसर पर नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में कई समाजों में सामूहिक विवाह सम्मेलनों का आयोजन किया गया। इससे दिन भर नगर में बाजार और हाईवे पर दिन भर वाहनों की रेलमपेल बनी रही। इस दौरान कई बार भोपाल-इंदौर हाईवे पर जाम की स्थिति बनी। नगर में दर्जी, ब्राह्मण, सैंधव व पाटीदार समाज के विवाह सम्मेलनों का आयोजन हुआ। इस दौरान 30 जोड़े विवाह बंधन में बंधे।

शनिवार अलसुबह से ही वाहनों पर बारात निकलने का सिलसिला शुरू हो गया था। चार विवाह सम्मेलन होने से दिन भर बाजारों व सम्मेलन स्थलों पर लोगों की भीड़-भाड़ देखने को मिली। वहीं बाजारों में लोग विवाह संबंधी खरीदी करते हुए देखे गए। इन समारोह में बाहर से भी लोगों के आने से भीड़ देखने को मिली। कुछ सामूहिक सम्मेलनों में पार्किंग व्यवस्था नहीं होने से नगर के लोगों को जरूर निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ा।

हायर सेकंडरी स्कूल में मनाया वसंतोत्सव

जावर| शनिवार को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में वसंतोत्सव के उपलक्ष्य में मां सरस्वती का पूजन अर्चन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. ओमप्रकाश दुबे तथा अध्यक्षता संस्था के प्राचार्य डीसी बाहेती ने की। कार्यक्रम में मेहरवान सिंह ठाकुर द्वारा मां सरस्वती के विभिन्न आयामों के संबंध में विस्तार से विवरण दिया गया। वहीं प्रभुलाल मालवीय द्वारा दोहों से प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम का संचालन राजपाल सिंह ठाकुर द्वारा एवं आभार मुनेन्द्र सिंह ने माना।

बच्चों ने की सरस्वती पूजा

आष्टा|
वसंत पंचमी के अवसर पर मार्डन पब्लिक स्कूल में मां सरस्वती पूजन का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय में पढने वाले छोटे से बच्चे आदित्य जैन कक्षा 5 वीं ने अपनी सुरीली आवाज में मां सरस्वती वंदना गीत गाया। जिसके बाद स्कूल कि शिक्षिकाओं द्वारा माता की वंदना की गई।

सैंधव समाज के 9 जोड़े बंधे परिणय सूत्र में
सैंधव क्षत्रिय राजपूत समाज ने वसंत पंचमी पर सामूहिक विवाह सम्मेलन सेमनरी रोड स्थित समाज की छात्रावास में आयोजित किया गया। समिति के अध्यक्ष प्रमोद ठाकुर तथा सचिव जितेंद्र ठाकुर ने बताया कि सम्मेलन में नौ वर-वधुओं का विवाह कराया गया। साथ ही समाज के लोगों ने उनको आशीर्वाद प्रदान किया।

ब्राह्मण समाज ने प्रमुख मार्गों से निकाला चल समारोह
वसंत पंचमी के अवसर पर चार ब्राह्मण कन्याओं के परिणय महोत्सव का आयोजन स्थानीय मानस भवन में शनिवार को रखा गया। इसमें चार जोड़ों का विवाह कराया गया। आयोजन सुबह 7 बजे से प्रारंभ हुआ। सुबह 9 बजे चारों जोड़ों को बग्गियों में बैठाकर बैंड-बाजों के साथ नगर भ्रमण कराया गया। इसमें समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। दोपहर में पाणिग्रहण संस्कार का कार्यक्रम हुआ। इस अवसर प्रदेश महामंत्री सर्व ब्राह्मण महासभा अतुल शर्मा, अध्यक्ष ब्राहम्ण समाज नवीन शर्मा, परिणय उत्सव समिति अध्यक्ष राजेश शर्मा, परिणय उत्सव समिति महिला अध्यक्ष श्रीमति शर्मा, एकता अमित तिवारी सर्व ब्राह्मण समाज महिला अध्यक्ष, युवा संगठन अध्यक्ष दीपराज शर्मा, परशुराम सेना अध्यक्ष अक्षत पाठक ने सभी प्रकार की व्यवस्था संभाल रखी थी।

शनिवार काे नगर में चार समाजों द्वारा सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया गया ।

दिनभर ट्रैफिक का दबाव बना रहा
वसंत पंचमी होने से शनिवार को सुबह से ही वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई थी। चार पहिया वाहनों के अलावा दो पहिया वाहनों की भी संख्या अधिक होने से दिन भर नगर की सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव बना रहा। नगर के कन्नौद हाईवे मार्ग पर स्थित कॉलोनी चौराहा, थाने के सामने तथा पाटीदार धर्मशाला के पास जाम की स्थिति बनी रही। इसी मार्ग पर तीन सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किए गए थे। वहीं नगर में ब्राहम्ण समाज ने चल समारोह भी निकाला।

पाटीदार समाज के 16 जोड़ों ने लिए फेरे
नगर के कन्नौद रोड स्थित जय अंबिका पाटीदार छात्रावास में सामूहिक विवाह समिति के तत्वावधान में पाटीदार समाज का 24वां सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया गया। समाज के अध्यक्ष देवी सिंह पाटीदार, विवाह समिति के अध्यक्ष बाबूलाल पाटीदार व जिलाध्यक्ष अंबाराम पाटीदार ने बताया कि विवाह सम्मेलन में 16 जोड़ों ने अपने भावी जीवन साथी के साथ सात फेरे लिए। सभी वर-वधुओं को समिति के ओर से गृहस्थी का सामान भेंट किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष उर्मिला मरेठा उपस्थित थी।

दर्जी समाज के 11 जोड़ों का हुआ विवाह
दामोदर वंशी दर्जी समाज का पांचवां निशुल्क आदर्श सामूहिक विवाह महोत्सव का आयोजन शनिवार को सरस्वती शिशु मंदिर प्रांगण कन्नौद रोड पर रखा गया। विवाह समिति के संरक्षक पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष मदनलाल भूतिया व समिति अध्यक्ष दिनेश कुमार भूतिया एडवोकेट ने बताया कि इसमें 11 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। वैदिक क्रियाओं का संचालन नगर पुरोहित पंडित मनीष पाठक व डॉं. दीपेश पाठक ने किया। वहीं वर-वधू को आशीर्वाद देने के लिए पूर्व सांसद एवं पूर्व इंदौर महापौर कृष्णमुरारी मोघे, विधायक रणजीत सिंह गुणवान, जनपद अध्यक्ष धारा सिंह पटेल व नगर पालिका अध्यक्ष कैलाश परमार अतिथि के रूप में उपस्थित थे।

अलसुबह से ही बारात निकलने का सिलसिला हाे गया था शुरू
खबरें और भी हैं...