व्यर्थ बह रहा सप्लाई का पानी
बारिश का मौसम होने के बाद भी लोगों को पानी की समस्या से जूझना पड़ रहा है। वहीं दूसरी और जिम्मेदारों की लापरवाही से नगर की सब्जी मंडी में वॉल लीकेज के चलते व्यर्थ पानी बह रहा है। इसके बाद भी इस तरफ नगर पालिका द्वारा ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
नगर की पुरानी सब्जी मंडी में पिछले कई दिनों से वॉल लीकेज होने के कारण काफी मात्रा में व्यर्थ पानी बह रहा है। जो सड़क पर आकर फैल रहा है। इससे आने-जाने वाले लोगों को परेशानी हो रही है। लीकेज वॉल को सुधारने के लिए आसपास के दुकानदारों ने नपा के जिम्मेदारों को भी अवगत कराया है। इसके बावजूद अभी तक किसी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया है। उल्लेखनीय है कि पूर्व में भी इसी स्थान पर पाइप लाइन फूटने से कई दिनों तक पानी व्यर्थ बहता रहा। इसके बाद लाइन को ठीक किया गया था। इस तरह से आए दिन लापरवाही बरती जाती है।
कई जगह यह स्थिति
नगर में पुरानी हो चुकी पाइप लाइन के कारण लीकेज जगह-जगह हो रहे हैं। यह स्थिति पुरानी बस्ती वाले क्षेत्र में अधिक देखने मिल रही है। यहां पर वर्षों पहले डाली गई पाइप लाइन सड़ चुकी है इस कारण वह हर कभी फू जाती है। इससे पानी व्यर्थ बहता रहता है। इसका खामियाजा उपभोक्ताओं को उठाना पड़ता है। पाइप लाइन लीकेज होने से नलों में प्रेशर नहीं पहुंचता है। इससे पानी की समस्या बनी रहती है।
इस संबंध में नपा उपयंत्री जल शाखा के देवेंद्र चौहान का कहना है कि पूरे नगर में पाइप लाइन डालने का कार्य चल रहा है। उसके बाद यह समस्या हल हो जाएगी।