छात्राओं को मिला अपना छात्रावास
कार्यालय संवाददाता | आष्टा/कोठरी
नगरपंचायत कोठरी में स्थित कस्तूरबा बालिका छात्रावास की छात्राओं को 35 लाख रुपए की लागत से बना सुसज्जित भवन मिलने से राहत मिली है। भवन के अभाव में छात्राओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। नए भवन बनने के बाद उसमें छात्राओं ने रहना शुरू कर दिया है।
गौरतलब है कि जिले में शासन स्तर से चार स्थानों पर कस्तूरबा छात्रावास की सुविधा दी गई हैं। इनमें नगर पंचायत कोठरी में छात्रावास संचालित हैं। इसमें करीब 100 छात्राएं अध्ययनरत हैं। इन छात्राओं को अभी तक भवन के अभाव में मंगल भवन में ही निवास करना पड़ रहा था। मंगल भवन छोटा होने के कारण छात्राओं को काफी परेशानी का सामना भी करना पड़ता था। इस समस्या को देखते हुए शासन स्तर से करीब 35 लाख रुपए की लागत से भवन स्वीकृत हुआ था।
35लाख से बना है नया भवन
निर्माणकार्य पूरा होने के बाद उसे छात्राओं के निवास के लिए खोल दिया गया है। कस्तूरबा छात्रावास की इन छात्राओं को सुविधा युक्त भवन मिलने से राहत मिली है। पिछले दिनों बारिश में मंगल भवन के आसपास बाढ़ का पानी भराने से छात्राएं घिर गई थीं। उस समय छात्रावास यहीं पर संचालित हो रहा था। जबकि उक्त भवन का निर्माण पठार पर होने के कारण बाढ़ की समस्या से भी नहीं जूझना पड़ेगा।
आष्टा। नपं कोठरी में स्थित कस्तूरबा छात्रावास को नया भवन मिलने से छात्राओं को सुविधा मिलेगी