तीन साल बाद भी नहीं हुआ आवंटन
जनपदपंचायत ने स्वर्ण जयंती स्वरोजगार योजना के तहत अलीपुर स्थित भोपाल-इंदौर मार्ग पर दुकानों का निर्माण किया था। उन दुकानों का आंवटन अभी तक पात्र हितग्राहियों को नहीं हो सका है। दुकानों का निर्माण हुए तीन साल से भी अधिक समय हो चुका है।
गौरतलब है कि नगर के अलीपुर स्थित जनपद पंचायत प्रांगण में हाईवे मार्ग पर दुकानों का निर्माण कराया था। उक्त दुकानें शासन की स्वर्ण जयंती स्वरोजगार योजना के तहत निर्माण कराई गई हंै। जिनका आवंटन स्व-सहायता समूह को होना है। तीन वर्ष बाद भी उनकों आंवटित नहीं किया जा सका है। जिससे बेरोजगारों को इनका लाभ नहीं मिल पा रहा है। यह दुकानें शोपीस बनकर ही खड़ी हुई हैं। वहीं दुकानों की शटर नहीं खुलने से वह भी जंग खाने लगी है। इसके बाद भी ध्यान नहीं दिया जा रहा है। यदि पात्र हितग्राहियों को दुकानों का लाभ मिलता है तो बेरोजगारों को इन दुकानों से रोजगार मिल सकता है। इन दुकानों के निर्माण का कोई औचित्य दिखाई नहीं दे रहा है। इस संबंध में जनपद पंचायत सीईओ अनिल अग्रवाल का कहना है कि दुकानों के बारे में आवंटन करने की जानकारी मंगाई गई है।
इनकीनहीं हुई नीलामी
इसीतरह नगरपालिका ने पुरानी सब्जी मंडी, नई सब्जी मंडी, कृषि उपज मंडी में भी राजस्व की प्राप्ति के लिए दुकानों का निर्माण किया था। इनमें से कई दुकानों की नीलामी नहीं हो सकी है। इस संबंध में नपा सीएमओ अरविंद कपूर का कहना है कि नीलामी प्रक्रिया तीन बार हो चुकी है, लेकिन कोई खरीदार नहीं आया।
आष्टा. जनपद पंचायत परिसर में योजना अंतर्गत बनी दुकानों का आंवटन नहीं हुआ है।