दोषियों पर पुलिस नहीं कर रही कार्रवाई
विकासखंडके गांव जस्सूपुरा निवासी एक युवती को उसके ससुराल पक्ष के लोग दहेज के लिए आए दिन प्रताडि़त कर रहे थे। इससे तंग आकर उसने पुलिस अधीक्षक को आवेदन दिया था। उसके बाद भी अभी तक सिद्दीकगंज पुलिस ने दोषियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है।
गांव जस्सूपुरा निवासी हुमेरा बी ने आवेदन में बताया कि तीन साल पहले उसका विवाह भोपाल निवासी शौकीन के साथ हुआ था। उसके बाद से ही पति सहित ससुराल पक्ष के लोग दहेज के लिए उसे आए दिन प्रताडि़त करते थे। जबकि बीते कई दिनों से तो वह अपने मायके में ही रह रही है। ससुराल पक्ष के लोगों का कहना है कि जब तक दहेज नहीं दिया जाएगा तब तक वह उसे नहीं ले जाएंगे। पीड़ित ने खर्चे के लिए अदालत में दावा भी लगाया है। दावा वापस लेने के लिए ससुराल के लोग गांव में आकर गाली-गलौच कर रहे हैं। इसकी शिकायत 30 नवंबर को एसपी डॉ. रमन सिंह सिकरवार को आवेदन देकर की थी। उसके बाद भी पुलिस ने दोषियों पर कार्रवाई नहीं की है। इस संबंध में सिद्दीकगंज थाना प्रभारी रूपाली पांडे का कहना है कि यह मामला अभी दर्ज नहीं हुआ है, लेकिन आवेदन मिलने पर हमने पीडि़त पक्ष को बुलाया था।