कर्मचारियों की हड़ताल चौथे दिन भी जारी रही
मनरेगा संविदा अधिकारी व ग्राम रोजगार सहायक अपनी मांगों को लेकर लंबे समय से प्रयास कर रहे हैं, उसके बाद भी इस और कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इसके चलते वह 8 फरवरी से संघ के आव्हान पर जनपद पंचायत में सामूहिक हड़ताल कर रहे हैं। उसके क्रमबद्ध आंदोलन के चलते ज्ञापन भी दिए जा रहे हैं। गुरुवार को अपने चरणबद्ध आंदोलन में भैंस के आगे बीन बजाकर विरोध दर्ज कराया गया।
रोजगार सहायकों की हड़ताल निरंतर जारी है। इससे ग्राम पंचायतों के लोगों के काम ठप होकर रह गए हैं। गुरुवार को धरने के चौथे दिन मनरेगा अधिकारी व कर्मचारी तथा रोजगार सहायकों ने सोई सरकार को नींद से जगाने के लिए धरना स्थल पर शासन रूपी भैंस के सामने बिन बजाई।
प्रदेश सरकार के सामने बार-बार मांग करने के बावजूद भी कोई सार्थक पहल नहीं होने पर प्रदर्शन कारियों द्वारा गुरुवार को भैंस के सामने बिन बजाकर विरोध जताया। अगर सरकार द्वारा अभी भी कोई सार्थक पहल रोजगार सहायकों के हित में नहीं की जाती है तो 23 फरवरी से पूरे प्रदेश में सचिव व ग्राम रोजगार सहायक द्वारा ग्राम पंचायतों में तालाबंदी की जाएगी। साथ ही अनिश्चित कालीन धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। इन सभी के लिए प्रदेश सरकार स्वयं जिम्मेदार होगी।
हड़ताल से यह कार्य प्रभावित
हड़ताल से मनरेगा में मजदूरी व भुगतान प्रभावित होगा। साथ ही समस्त निर्माण कार्य भी नहीं हो पाएंगे। स्वच्छ भारत अभियान के तहत शौचालय निर्माण भी नहीं होगा। इसके अलावा मनरेगा योजना, पेंशन, जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र, पंचायत दर्पण, मुख्यमंत्री आवास, इंदिरा आवास, शौचालय एवं समस्त शासकीय योजनाएं शामिल हैं।