पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • नए शिक्षा सत्र से मॉडल स्कूल की कक्षाएं नए भवन में लगेंगी

नए शिक्षा सत्र से मॉडल स्कूल की कक्षाएं नए भवन में लगेंगी

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नए भवन में बिजली व पानी की कमी से नहीं की जा रही थीं कक्षाएं शिफ्ट

पुराने भवन में 9वीं से 12वीं तक के बच्चों को बैठने में होती है परेशानी

सैयद अबरार अली | आष्टा

नवोदय की तर्ज पर बना मॉडल स्कूल भवन के अभाव में अभी तक उत्कृष्ट की तंग कक्षाओं में चल रहा है। हालांकि मुगली मार्ग पर भवन भी बनकर पूरी तरह से तैयार है, लेकिन वहां पर बिजली व पानी की सुविधा नहीं होने से अभी तक उसमें मॉडल के बच्चों को शिफ्ट नहीं किया गया है। उत्कृष्ट प्रबंधन की माने तो जुलाई माह से उसमें मॉडल तथा उत्कृष्ट की कुछ कक्षाओं को शिफ्ट किया जाएगा। व्यावसायिक परीक्षा मंडल ने मॉडल स्कूल प्रवेश परीक्षा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसमें उन्हीं विद्यार्थियों को पात्रता मिलेगी जो परीक्षा में उच्चतम अंक लेकर आएंगे। इसमें इस बार भी 80 सीट ही निर्धारित की गई है।

नगर के मुगली मार्ग पर बने मॉडल स्कूल भवन को रंगरोगन कर तैयार कर दिया है। इसमें बिजली और पानी की पर्याप्त सुविधा नहीं होने से उसे चालू नहीं किया गया है। भवन में पानी की व्यवस्था लगभग हो चुकी है, वहीं बिजली व्यवस्था के भी प्रयास किए जा रहे हैं। गौरतलब है कि केंद्र और राज्य सरकार की संयुक्त योजना के तहत प्रदेश में मॉडल स्कूलों की व्यवस्था की गई थी। इसमें भोजन से लेकर आवासीय व्यवस्था तक सम्मिलित है। जबकि नगर में अभी तक उत्कृष्ट स्कूल में ही मॉडल स्कूल को संचालित किया जा रहा था। इसमें भवन के अभाव में विद्यार्थियों के लिए आवासीय व भोजन व्यवस्था शुरू नहीं हो सकी है। यहां पर मॉडल स्कूल को चार कमरों की तंग कक्षाओं में लगाना पड़ रहा है। जबकि बच्चों की संख्या अधिक होने से यहां पर बैठने में परेशानी होती है।

स्टाफ की कमी से परेशानी
उत्कृष्ट हायर सेकंडरी में चार अतिरिक्त कक्षों को मॉडल स्कूल की कक्षाएं बनाई गई हैं। इसमें बारिश के दिनों में विद्यार्थियों को बैठने में परेशानी आती है। मॉडल कक्षाओं के लिए सात शिक्षकों के पद स्वीकृत हैं। इनमें विज्ञान, गणित, हिन्दी, संगीत, व्यायाम, संस्कृत आदि विषय वार शिक्षक पदस्थ होना है, लेकिन शिक्षा विभाग की उदासीनता के कारण यहां पर शिक्षकों की नियुक्ति का अभाव है। इस कारण पांच अतिथि शिक्षक ही अध्यापन कार्य करा रहे हैं।

2 करोड़ 97 लाख Rs. से बना भवन
शासकीय उत्कृष्ट हायर सेकंडरी स्कूल की मुगली मार्ग स्थित भूमि पर दो करोड़ 97 लाख की लागत से भवन का निर्माण हुआ है। इसका काम लगभग पूरा हो चुका है।

नए भवन में लगेंगी कक्षाएं
मॉडल स्कूल भवन में जो पानी व बिजली सुविधा नहीं थी उसकी व्यवस्था की जा रही हैं। जुलाई माह में मॉडल तथा उत्कृष्ट की कुछ कक्षाओं को शिफ्ट किया जाएगा। एनएस ठाकुर, प्राचार्य, उत्कृष्ट हायर सेकंडरी

अभी नहीं मिलेगी आवासीय सुविधा
शासन के निर्देशानुसार मॉडल स्कूल में चयनित बच्चों को आवासीय व भोजन व्यवस्था की सुविधा भी देना है। हालांकि नगर के मॉडल स्कूल में छात्रावास की कमी के कारण यह सुविधा बच्चों को नहीं मिल सकेगी। इससे उन बच्चों को दिक्कत होगी जो प्रतिदिन गांव से आष्टा आना-जाना करते हैं। उनके पालकों का कहना है कि मॉडल स्कूल के नियमानुसार भोजन व आवासीय सुविधा मिलनी थी, लेकिन अभी तक यह सुविधा नहीं मिली है।

मैदान की कमी खलेगी
मॉडल स्कूल भवन के सामने खेल मैदान नहीं बनाया गया है। इस समय जो खाली जमीन पड़ी है उसमें बारिश का पानी भरता है। साथ ही उसी के पास नाला बना हुआ है। साथ ही ग्रीन बेल्ट की जमीन होने से रास्ता सही से नहीं बनाया गया है। प्रशासन को ऊबड़-खाबड़ मैदान को सही कराना चाहिए।

कम स्टाफ से उत्कृष्ट कक्षाएं भी शिफ्ट
मॉडल कक्षाओं के लिए शासन ने स्टाफ की व्यवस्था नहीं की है। इस कारण इसमें मॉडल की कक्षाओं के साथ उत्कृष्ट की कुछ क्लासें वहां पर शिफ्ट की जाएगी। इससे मॉडल व उत्कृष्ट में अध्ययनरत बच्चों को पढ़ाई में व्यवधान उत्पन्न न हो सके और उन्हें बैठने में परेशानी न हो।

अभी उत्कृष्ट और मॉडल की कक्षाएं लग रहीं साथ
नगर के उत्कृष्ट हायर सेकंडरी स्कूल में ही मॉडल कक्षाओं के विद्यार्थियों को एक साथ बैठाकर अध्यापन कार्य कराया जाता है। जबकि मॉडल में कक्षा नवीं में 80 बच्चे, कक्षा 10वीं में 79, कक्षा 11वीं में 63 तथा कक्षा 12वीं में 51 छात्र-छात्राएं मिलाकर 273 अध्ययनरत हैं। इनमें कक्षा 11 व 12 बॉयोलॉजी क्लास में अधिक बच्चे होने से विद्यार्थियों को बैठने की जगह नहीं मिलती है।

शिक्षा विभाग को किया जा चुका भवन हैंडओवर
इस बार नए शिक्षा सत्र के पूर्व ही मुगली मार्ग पर बना भवन बनकर तैयार हो गया था। साथ ही निर्माण एजेंसी ने इसको शिक्षा विभाग के हैंडओवर कर दिया है। इसके बाद भी कमियों के कारण यहां पर मॉडल स्कूल की कक्षाओं को नहीं शिफ्ट किया गया है। नए भवन में बिजली व पानी की कोई व्यवस्था नहीं है। उत्कृष्ट में इस समय छात्रों को बैठने के लिए फर्नीचर मुहैया है, लेकिन मॉडल स्कूल में फर्नीचर की भी व्यवस्था नहीं की गई है।

ऑनलाइन फार्म भरने की प्रक्रिया शुरू
आगामी शिक्षा सत्र के लिए मॉडल स्कूल में चयन प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके लिए व्यवसायिक परीक्षा मंडल ने 8 फरवरी से ऑनलाइन फार्म भरने की प्रक्रिया शुरू की है। जिसकी अंतिम तिथि 28 फरवरी है। इसकी परीक्षा 6 मार्च को व्यवसायिक परीक्षा मंडल आयोजित करेगा। इसमें भाग लेने वाले परीक्षार्थियों का मूल्यांकन करने के बाद उच्चतम अंक लाने वाले परीक्षार्थी को चयनित किया जाएगा।

मुगली मार्ग पर स्कूल का भवन बनकर तैयार
नए शिक्षा सत्र से मॉडल स्कूल भवन की सुविधा विद्यार्थियों को मिलेगी ।

खबरें और भी हैं...