अधिग्रहित जमीन की मुआवजा राशि काफी कम, विसंगतियां भी
राष्ट्रीय राजमार्ग-12 के चौड़ीकरण के लिए किसानों की भूमि का अधिग्रहण वर्ष 2010 की कलेक्टर गाइडलाइन के अनुसार किया गया है। इसे लेकर किसानों में अंसतोष है। यह बात सही है कि भूमि अधिग्रहण की मुआवजा राशि वर्तमान समय के लिहाज से काफी कम है। भू-अर्जन में विसंगतियां भी हुई हैं जिन्हें दूर किया जाना चाहिए।
शुक्रवार को होशंगाबाद लोकसभा के सांसद राव उदयप्रताप सिंह ने बरेली में यह बात कही। वे बरेली में कई निजी कार्यक्रमों में शामिल होने आए थे। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि किसानों की मांग पर शासन स्तर पर विचार-विमर्श जारी है। अवैध उत्खनन पर सांसद ने कहा कि अभी कुछ खदानों से रेेत उत्खनन की अनुमति नहीं मिली है, लेकिन शीघ्र ही यह प्रक्रिया पूर्ण हो जाएगी। भास्कर संवाददाता द्वारा केतोघान से लेकर अलीगंज तक किए जा रहे रेत के अवैध कारोबार के विषय में सांसद ने स्वयं निरीक्षण कर कलेक्टर से जांच कराने की बात कही।
इन दिनों नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रबंधन और चिकित्सकों के बीच चल रहे विवाद के बारे में पूछने पर सांसद ने बताया कि इस मामले में विधायक से उनकी चर्चा हो गई है। शीघ्र ही स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारियों से विस्तार से चर्चा की जाएगी।
किसानों ने मुआवजे को लेकर
सांसद को सौंपा ज्ञापन
बरेली में भू-अर्जन से संबंधित किसानों ने सांसद राव को ज्ञापन सौंपा। इसमें किसानों ने कलेक्टर गाइडलाइन की अधिकतम दरों पर मुआवजा देने की मांग की। किसानों का कहना था कि राजमार्ग-12 के लिए अधिग्रहित भूमि के मुआवजे का निर्धारण 2010-11 की कलेक्टर गाइडलाइन की न्यूनतम दरों पर किया गया है। वहीं रोजगार सहायक, मनरेगा संविदा कर्मचारियों ने भी अपनी मांगों को लेकर सांसद को ज्ञापन सौंपा।
सांसद निधि से दिए दो लाख
सांसद बरेली विद्या मंदिर में निजी कार्यक्रम में शामिल हुए। यहां वसंत पंचमी पर आयोजित कार्यक्रम में सरस्वती माता की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा में सम्मिलित होकर पूजा-अर्चन की। सांसद ने स्कूल के विकास कार्यों के लिए दो लाख रुपए सांसद निधि से देने की घोषणा की। कार्यक्रम में विधायक रामकिशन पटेल, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष शिवाजी पटेल, जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र चौैहान, मंडल अध्यक्ष उदयपुरा कमलेश परमार, शेरसिंह चौधरी, राजेंद्र पटेल, अजय जैन, राजेंद्र ठाकुर, लाखनसिंह राजपूत, विजयप्रकाश तिवारी, चंद्रभानखूते, संस्था अध्यक्ष सुशील जैन, प्राचार्य सतीष अग्निहोत्री सहित कई लोग उपस्थित रहे।
किसानों ने सौंपा सांसद को ज्ञापन।