नाफेड कर रही तुअर की खरीदी
बरेली| नगर की कृषि उपज मंडी में मार्केटिंग सोसायटी बरेली के माध्यम से नेफेड के द्वारा तुअर की खरीदी की जा रही है। मंगलवार 9 फरवरी को 1000 क्विंटल तुअर की आवक रही जिसमें से 200 क्विंटल तुअर की खरीदी मार्केटिंग सोसायटी ने की। शेष तुअर में अधिक नमी और कचरे की मिलावट के कारण कृषि उपज मंडी में स्थानीय व्यापारियों ने लगभग 500 रुपये प्रति क्विंटल कम भाव में खरीदी। मंगलवार को कृषि उपज मंडी में तुअर के भाव 8359 रुपये प्रति क्विंटल रहे, जो कि पिपरिया कृषि उपज मंडी से अधिक हैं। बरेली मार्केटिंग सोसायटी अध्यक्ष चंद्रभानसिंह खूते ने क्षेत्र के किसानों से अपील की है कि वह अपनी तुअर के अच्छे दाम पाने के लिए उपज को अच्छी तरह सुखा कर व साफ कर के बेचने मंडी में लेकर आए। ऊंचे दामों में अपनी तुअर की फसल को बेचकर अधिक मुनाफा पाए।