पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • गोली खिलाने के आधे घंटे में ही 15 बच्चे करने लगे उल्टियां

गोली खिलाने के आधे घंटे में ही 15 बच्चे करने लगे उल्टियां

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
बरेली | नगर से तीन किमी दूर ग्राम धनासरी में स्थित मारिया विद्या सदन स्कूल के बच्चे कृमि नाशक दवा खाने के बाद बीमार हो गए। इन बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

उपचार के बाद दो-तीन घंटे बाद बच्चों की स्थिति सामान्य हो गई। प्राइवेट स्कूल के संचालक बच्चों के बीमार होने के डर से उक्त दवा खिलाने से बच रहे थे। यह खबर भास्कर के बुधवार के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित की गई थी। मारिया विद्या सदन स्कूल में दवा खिलाने के आधे घंटे बाद बच्चे उल्टियां करने लगे। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया।

बच्चों को खिलाई खाली पेट दवाई
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डाॅ बीडी खरे ने बताया कि मारिया विद्या सदन स्कूल के बच्चों के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा उपलब्ध कराई गई कृमि नाशक गोली बिना नाश्ता दिए खिलाई गई। खाली पेट गोली खाने के कारण बच्चों को सिरदर्द, चक्कर और अन्य प्रकार की शिकायतें होने लगी, जबकि इन गोलियां को खाली पेट देना नहीं चाहिए।

स्कूल के बच्चों को ज्यादा पावर की गोली खिलाई
डॉक्टरों का कहना है कि 1 से 3 वर्ष तक के बच्चों के लिए कृमि नाशक एल्बेंडाजोल 50 एमजी की गोली देना चाहिए। 3 से 6 वर्ष के बच्चों के लिए 150 एमजी की गोली देना चाहिए। इसके बाद 400 एमजी पावर की गोली 6 से ज्यादा उम्र के बच्चों और बड़ों को देने का प्रावधान है। लेकिन मारिया विद्या सदन स्कूल में पहली से पांचवीं तक के बच्चों को 400 एमजी पावर की गोली दे दी गई।

जो दवा दी वही खिलाई : स्कूल की प्राचार्या सिस्टर सरिता का कहना है कि स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा उन्हें जो किताब दी गई है उसमें खाली पेट दवा खिलाने का उल्लेख किया गया है।

यह बच्चे हुए बीमार
कृमि नाशक दवा खाने के बाद स्कूल की छात्रा अपूर्वा धाकड़ पुत्री तेजराम धाकड़, तनिशा वर्मा पुत्री मनीष वर्मा, आन्सी साहू पुत्री राकेश साहू, भावना लोधी पुत्री बाबूलाल लोधी, यशनाथ पुत्र योगेंद्रनाथ, आदर्श शर्मा पुत्र गोविंद शर्मा, अनादि पटेल पुत्री रमेश कुमार, सिद्धी तोमर पुत्री बीएस तोमर, वैष्णवी यादव पुत्री महेश यादव, आजम मंसूरी पुत्र इदरीश हयात, उदिता श्रीवास्तव पुत्री उमाशंकर श्रीवास्तव, आसिम खान पुत्र यूनिस खान, कृतिका रजक पुत्र सीताराम रजक, फरहान खान पुत्र उबेद अख्तर, अभिनव शारदा पुत्र प्रशांत शारदा की तबियत बिगड़ गई थी। इन बच्चों को स्कूल में खाली पेट कृमि नाशक एल्बेंडाजोल चबाने वाली मीठी गोली दी गई थी, जिससे बच्चों को उल्टी, दस्त, सिरदर्द, चक्कर और पेटदर्द की शिकायतें होने लगी।

खबरें और भी हैं...