- Hindi News
- धोखाधड़ी कर लाखों की हेराफेरी करने की शिकायत
धोखाधड़ी कर लाखों की हेराफेरी करने की शिकायत
बेगमगंज| सहकारीसंस्था पंदरभटा एवं सेन्ट्रल ग्रामीण बैंक शाखा सुल्तानगंज से एक ही व्यक्ति द्वारा कूटरचित दस्तावेजों से धोखाधड़ी कर लाखों की हेराफेरी का आरोप एक व्यक्ति ने लगाया है। डुंगरिया निवासी माधोसिंह पुत्र जवाहर सिंह बुंदेला ने शपथ पत्र के साथ एसडीएम डीके सिंह को लिखित शिकायत की है। इसमें तीन फर्जी नामों पर सीलिंग की जमीन दर्शाकर सहकारी संस्था पंदरभटा के खातेदार बनाकर केसीसी, खाद बीज का आहरण करते हुए समिति के संचालक मंडल के अध्यक्ष पद का दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुए पद से हटाने की मांग की है। शिकायत में आरोप लगाया है कि सन 2007 से सहकारी संस्था पंदरभटा पर संतोष सिंह पुत्र भगवत सिंह संचालक मंडल के अध्यक्ष हैं। प्रबंधक बिहारी विश्वकर्मा जिन्हें सम्पूर्ण जानकारी होने के बाद उक्त फर्जी खातेदारों को समिति से केसीसी, खाद बीज का आहरण कराया। उक्त सभी फर्जी खातेदारों द्वारा मप्र सेंट्रल ग्रामीण बैंक सुल्तानगंज से भी केसीसी ऋण प्राप्त किया जिसमें संतोष,मिलन की फोटो दिवाकर प्रभाकर,देवेन्द्र के खातों पर लगाई गई है। शिकायत में मांग की गई है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर फर्जीवाड़े को उजागर किया जाए। एसडीएम डीके सिंह का कहना है कि शिकायत आई है मामले की जांच कराई जाएगी यदि शिकायत सही पाई गई तो कार्रवाई की जाएगी।