बिजली कटौती कर रही परेशान
अघोषितबिजली कटौती के कारण लोग परेशान हंै। ग्रामीण क्षेत्रों में घंटों बिजली गुल रहने से किसान, व्यापारी सभी परेशान हैं। नगरीय क्षेत्र में ऐसे वक्त पर अचानक बिजली चली जाती है, जिस समय नगर पालिका द्वारा पानी सप्लाई किया जाता है। इस कारण लोग पानी नहीं भर पाते और घर के अन्य कार्य जो बिजली से ही संभव हैं, उनके नहीं हो पाने से असुविधा होती है। हालत यह है कि चार-छह घंटे रोजाना बिजली गुल हो रही है।
फोटोकॉपी का व्यवसाय करने वालों ने तो अब जनरेटर खरीद लिए हंै। जनरेटर से फोटो कॉपी के लिए ग्राहकों को दोगुना दाम चुकाना पड़ रहा है। न्यायालयीन तहसील आदि के कार्य समय पर कराने के लिए उन्हें जनरेटर से फोटो कापी कराना पड़ती है, लेकिन ये जनरेटर की व्यवस्था सिर्फ न्यायालय के पास के फोटो कापी मशीन वालों ने कर रखी है। अन्य स्थानों पर यह व्यवस्था नहीं होने से लोगों को बिजली नहीं होने की दशा में फोटोकापी कराने के लिए फर्शी रोड न्यायालय के पास जाना पड़ता है।
इससे उनका समय भी अधिक लगता है और राशि भी अधिक देना पड़ती है। पीडि़त लोग कई बार शिकायतें आवेदन देकर अघोषित बिजली कटौती बंद करने की मांग कर चुके हैं। पिछले दिनों ब्लाक कांग्रेस कमेटी भी ज्ञापन सौंपकर बिजली की कटौती बंद करने की मांग कर चुकी है, लेकिन आज तक समस्या का निदान नहीं किया जा सका।