मामा के घर पहुंचे लापता बच्चे
बेगमगंज| नगरसे दो दिन पूर्व लापता हुए दोनों बच्चों का पता चल गया है। खबर लगते ही उनके पिता बच्चों को लेने अपने साले के यहां उत्तर प्रदेश के हरदोई रवाना हो गए हैं। बच्चों के मिलने से पुलिस ने भी राहत की सांस ली।
नगर खिरिया नारायणदास मोहल्ले से से दो दिन पूर्व लापता हुए दस वर्षीय छात्र यश शर्मा उसके चाचा की बेटी 8 वर्षीय चेतांशी शर्मा स्कूल से आने के बाद घर से अचानक लापता हो गए थे। इससे परिजनों सहित मोहल्ले में हड़कंप मच गया था आनन फानन में पुलिस को सूचना देने के उपरांत बच्चों के पिताओं एवं रिश्तेदारों सहित पुलिस ने इस आधार पर बच्चों की खोजबीन शुरू कर दी थी कि कहीं बच्चों को बहला फुुसला या अपहरण कर कोई ले तो नहीं गया। लेकिन बच्चों द्वारा टूटी फूटी भाषा में छोड़ी गई चिट्ठी के आधार पर रिश्तेदारों में जब खोजबीन शुरू की गई तो रविवार को पता चला कि दोनों लापता बच्चे अपने मामा के घर उत्तर प्रदेश में हरदोई पहुंच गए हंै। तब पुलिस को सूचना देने के बाद यश शर्मा के पिता राजकुमार शर्मा उन्हें लेने के लिए हरदोई रवाना हो गए।
बच्चों के सकुशल मिलने की खबर से परिजनों रिश्तेदारों सहित पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली है।