दो बच्चों की कुएं में डूबने से मौत
बेगमगंज| ग्रामउमरखोह में कुएं में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई। ये बच्चे बुधवार शाम चार बजे गांव के एक कुएं पर नहाने गए थे। काफी देर तक वे घर नहीं लौटे तो परिजनों की उनकी तलाश शुरू की। गांव के कुएं के पास उनके कपड़े उतरे हुए मिले। इसके बाद कुएं का पानी मोटर लगाकर खाली किया गया, तब कहीं जाकर दस वर्षीय सुमित पुत्र वीरसिंह लोधी और दस वर्षीय अजय पुत्र रामलाल लोधी के शव रात 8.45 बजे निकाले जा सके। रात 9.20 बजे तक पुलिस मौके से लौटी नहीं थी। गत दो दिसंबर को ऐसी ही एक घटना खानपुर में भी हुई थी, जहां सगे भाइयों की डूबने से मौत हो गई थी। इस मामले में एसआई एसबी तिवारी का कहना है कि दोनों बच्चों के शव का पोस्टमार्टम गुरुवार सुबह कराया जाएगा। मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।