- Hindi News
- मतदान केंद्र नहीं बनाया तो करेंगे चुनाव का बहिष्कार
मतदान केंद्र नहीं बनाया तो करेंगे चुनाव का बहिष्कार
ग्रामीणों ने ज्ञापन सौंपकर दी चेतावनी
ग्राममदनी के करीब तीन दर्जन ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत के निर्वाचन अधिकारी के नाम का ज्ञापन सहायक निर्वाचन अधिकारी आरके यादव को सौंपा है। इसमें 8 किमी दूर मतदान केंद्र होने से उनके गांव में ही मतदान केंद्र बनाए जाने की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि केंद्र गांव में ही नहीं बनाया गया तो चुनाव का बहिष्कार किया जाएगा।
ज्ञापन में कहा गया है कि ग्राम मदनी में करीब चार सौ मतदाता हंै जो अपने मत का उपयोग प्रत्येक चुनाव में करते रहे हैं। गांव में मतदान केंद्र नहीं होने से उन्हें करीब आठ किमी दूर ग्राम बाकोरी जाना पड़ता है।
ग्राम मदनी तक मार्ग बना हुआ है। स्कूल भवन भी है। यहां मतदान केंद्र बनाए जाने के लिए पूर्व में भी आवेदन दिया जा चुका है, लेकिन केंद्र बनाए जाने के लिए किसी भी प्रकार की कार्रवाई नहीं की गई। इससे आहत ग्रामीणों ने एक बार फिर ग्राम मदनी में ही मतदान केंद्र बनाए जाने की मांग की है। शासन का नियम भी है कि किसी भी मतदान केंद्र की दूरी तीन किमी से अधिक नहीं होना चाहिए। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि मतदान केंद्र ग्राम मदनी में नहीं बनाया गया तो ग्राम मदनी के मतदाता आगामी चुनाव में मतदान का बहिष्कार करने के लिए मजबूर होंगे।
ज्ञापन सौंपने वालों में पूर्व सरपंच राजेन्द्र सिंह फौजी, विजय सिंह, जगदीश सिंह, राजाराम, गुलाबसिंह, अजीत सिंह, खेतसिंह, पूरनसिंह, विष्णु प्रसाद, गोदनसिंह, भगतसिंह, कुंजीलाल,भगवानदास, किशोरीलाल, धनीराम, मरीसिंह सहित करीब तीन दर्जन ग्रामीण शामिल हैं। इस संबंध में सहायक निर्वाचन अधिकारी आरके यादव ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी मांग निर्वाचन आयोग को भेजी जाकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बेगमगंज। मतदानकेंद्र बनाए जाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपते ग्राम मदनी वासी।