- Hindi News
- वार्ड 16 का निरस्त मतदान अब कल होगा दोबारा
वार्ड 16 का निरस्त मतदान अब कल होगा दोबारा
बेगमगंज |शहर केवार्ड 16 के दो मतदान केंद्रों पर डाले गए मतों से अधिक मत पाए जाने पर राज्य निर्वाचन आयोग ने यहां का चुनाव शून्य घोषित कर दिया है। अब यहां पर 10 दिसंबर को फिर से मतदान होना है। वहीं अन्य वार्डों में भी यही स्थिति सामने आने के बाद वहां के पराजित प्रत्याशियों ने भी आपत्तियां दर्ज कराई हैं।
वार्ड 16 का परिणाम शून्य घोषित होने की खबर फैली तो अन्य वार्डों के पराजित प्रत्याशियों ने अपनी आपत्तियां दर्ज कराई हैं। वार्ड 7 से कमल कुमार जैन के निर्वाचन अभिकर्ता अभिषेक जैन, प्रवीण जैन सहित अन्य अपनी-अपनी आपत्तियां लेकर पहुंचे और उन्होंने भी अपने-अपने वार्ड के मतदान केंद्रों पर निर्धारित मतों से अधिक मत पाए जाने की शिकायतें की हैं। इस संबंध में रिटर्निंग आॅफीसर डीके सिंह का कहना है कि कई वार्डों में एक-दो मत अधिक पाए जाने की शिकायतें लोगों द्वारा की गई हैं, लेकिन वहां पर हार-जीत का अंतर कहीं अधिक होने से पराजित प्रत्याशी के हिस्से में जोड़ भी दिए जाते तो वहां कोई फर्क नहीं पड़ता, इसलिए उनकी आपत्तियां खारिज की गई हैं। वे आगे कार्रवाई के लिए स्वतंत्र हैं। ईवीएम से मतदान कराने या नहीं कराने के लिए निर्वाचन आयोग सक्षम है, हम उसमें कोई निर्णय नहीं ले सकते।
मतदान के लिए हुई ईवीएम की कमीशनिंग
वार्ड16 में दस दिसंबर को पुन: होने वाले मतदान के लिए सोमवार को उत्कृष्ट स्कूल के माधव स्मृति भवन में दो ईवीएम की कमीशनिंग रिटर्निंग आॅफीसर के निर्देशन में की गई है। वार्ड 16 में दो मतदान केंद्रों पर मात्र पार्षद पद के लिए मतदान 10 दिसंबर को किया जाएगा।