बिजली गुल, घर से लेकर खेत तक सब हुए परेशान
जिले की बेगमगंज, गैरतगंज और सिलवानी तहसील में शनिवार सुबह से शाम तक बिजली गुल रहने से लोग परेशान हो गए। बिजली कंपनी के सुधार कार्य के कारण 16 फरवरी तक ऐसे ही हाल रहेंगे। इस दौरान सुबह 10 से शाम 6 बजे तक बिजली सप्लाई बंद रखी जाएगी। हालांकि शनिवार को छुट्टी होने के कारण शासकीय कार्य प्रभावित नहीं हुआ, लेकिन गृर्हिणयों, दुकानदार और किसानों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा
जानकारी के अनुसार विद्युत वितरण कंपनी द्वारा विदिशा से 132 केवी की लाइन गैरतगंज तक लाई जा रही है। इसके चलते चार दिन तक पूरे सुबह से शाम तक बिजली गुल रहेगी। शासन की योजनाअों के अधिकतर कार्य ऑनलाइन होने के कारण आवेदक परेशान होंगे। वहीं बिजली से अपना कारोबार चलाने वाले व्यापारियों की दुकानदार चार दिन तक ठप रहेगी।
नगर में बिजली गुल रहने सेे वेल्डिंग की दुकानों का करीब पांच लाख का नुकसान हुआ है। सुबह पौने दस बजे से शाम 6 बजे तक बिजली बंद रहने से नगर की करीब 15 वेल्डिंग दुकानों के दुकानदार व उनके कर्मचारी दिनभर हाथ पर हाथ धरे बैठे रहे।
इसके साथ ही फ्रेब्रिकेशनर, इलेक्ट्रिशियन, फोटोग्राफर, कंप्यूटर आपरेटर भी दिनभर खाली बैठे रहे। घरों में महिलाओं को वाशिंग और किचन के कामों में समस्या आई। वाशिंग मशीन नहीं चलने से कपड़े हाथ से ही धोने पड़े। फ्रिज व मिक्सर का भी किचन में मदद नहीं मिली।
पानी को तरसे लोग
दिनभर बिजली बंद रहने से जहां लोगों को पेयजल के लिए नलों पर सुबह से लंबी लाइनें लगाकर मशक्कत करना पड़ी, लेकिन सभी को पर्याप्त पानी नहीं मिल पाया। वहीं गृहणियों के कई अन्य कार्य भी प्रभावित हुए।
दोगुने दामों पर हुई फोटो कापी
फोटो कापी दुकानदारों ने जनरेटर का उपयोग तो किया पर ग्राहकों को फोटो कापी के एक रुपए के स्थान पर दो रुपए देना पड़ रहे हैं। वहीं आटा चक्कियों पर गेहूं एवं अन्य अनाज िपसवाने के लिए लोगों की लाइनें लगी हुई हैं।
ऑनलाइन सेंटर ठप
शनिवार को दिनभर ऑनलाइन सेंटर ठप रहे। दो घंटे में ही इनवर्टर ने साथ छोड़ दिया। इससे ऑनलाइन कार्य ठप हो गया है। थाने में रिपोर्ट व जानकारी ऑनलाइन किए जाने से कार्य प्रभावित हुआ तो अस्पताल व स्कूलों में भी छात्र कंप्यूटर की कक्षाओं में पढ़ाई नहीं कर सके।
4 दिन में लाखों का नुकसान
वेल्डर केशव प्रसाद, कमलेश विश्वकर्मा, सचिन विश्वकर्मा, प्राण सिंह, अनवार खां आदि का कहना है कि प्रतिदिन उन्हें डेढ़ से दो हजार रुपए का नुकसान हो रहा है। कर्मचारियों को बैठे बिठाए की पगार देना पड़ रही है। रात में वोल्टेज कम होने के कारण रात में काम नहीं किया जा सकता।
इनका कहना है
गैरतगंज विद्युत सब स्टेशन पर 132 केवीए की डबल लाइन विदिशा से लाई जा रही है। इसके लिए कार्य प्रगति पर है इससे बेगमगंज, गैरतगंज व सिलवानी को लाभ होगा। रवि यादव, जेई बिजली कंपनी
गृहिणी : यशोदा बाई, रेहाना बी, शोभा रानी आदि महिलाओं का कहना है कि एक दिन की बात हो तो ठीक है। लगातार चार दिन यह स्थिति बनने से तो अधिक परेशान होना पड़ेगा।
इलेक्ट्रिशियन : देवेंद्र कुमार ने बताया कि रेडियो, टीवी, वाशिंग मशीन, फ्रिज, मोटर पंप, पंखे व कूलर आदि सुधारने का काम ठप रहा। जिससे उन्हें एक दिन में करीब 8 से 1 हजार रुपए का नुकसान हुआ है।
किसान भी परेशान: राजेश सिंह ने बताया कि दिनभर बंद रहने से खेतों में सिंचाई नहीं हो पाई। बड़ी मुश्किल से खेत में पानी देने के लिए मजदूरों को तैयार किया था। बिजली न होेने से सारी व्यवस्था फैल हो गई।
इनसे जानें कैसे
बीता एक दिन
कर्मचारियों को चार दिन की छुट्टी देकर दुकान पर बैठे मालिक।