- Hindi News
- National
- जल विहार को विमान में सवार होकर निकले लड्डू गोपाल, गणेश प्रतिमाएं की विसर्जित
Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
जल विहार को विमान में सवार होकर निकले लड्डू गोपाल, गणेश प्रतिमाएं की विसर्जित
चल समारोह में ग्रामीण क्षेत्रों की भजन मंडलियां शामिल हुईं
भास्कर संवाददाता| सिलवानी
डोल ग्यारस पर अंचल में जगह-जगह विमान यात्रा निकाली गई। विमान में बैठे भगवान लड्डू गोपाल की महिलाओें ने पूजा अर्चना की। इसी के साथ ही ग्यारस पर भगवान गणेश की प्रतिमाओं को विसर्जित भी किया गया। सिलवानी में श्रीराम मंदिर जमुनिया पुरा तथा कांठिया मंदिर से अलग-अलग विमान में भगवान लड्डू को विराजमान कर भ्रमण कराया गया। नगर भ्रमण करने निकले भगवान लड्डू गोपाल की कई स्थानों पर पूजा अर्चना की गई। गाजे बाजे के साथ निकाले गए चल समारोह में शामिल श्रद्धालु मंगल भजनों का गायन करते चल रहे थे।
डोल ग्यारस पर कन्हैयाजी के निकले विमान
गैरतगंज| हिन्दू उत्सव समिति एवं मंदिर समिति के तत्वावधान में भगवान कन्हैयालाल के विमानों की शोभा यात्रा निकाली गई। नगर की बीना नदी में विमानों का जलाभिषेक कराया गया। नगर के टेकापार मंदिर से अखाड़े के साथ भगवान कन्हैयालाल को विमानों पर बिठाकर नगर भ्रमण कराया गया। जगह-जगह लोगों ने विमानों की पूजा-अर्चना की। शोभायात्रा के साथ चल रहे लोग हाथी-घोड़ा पालकी जय कन्हैयालाल उद्घोष करते हुए चल रहे थे। नगर भ्रमण के बाद बीना नदी में भगवान के विमानों का जलाभिषेक हुआ। इस मौके पर हिन्दू उत्सव समिति के अध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह ठाकुर मामा, मूरतसिंह ठाकुर, नपाध्यक्ष उत्तमचंद जैन, गिरिजाशंकर पाठक, हरिकृष्ण गौर, डा.पीके गुप्ता, रामभुवन कुशवाह, नवल सिंह ठाकुर, श्रीराम ठाकुर, मानसिंह भूरा, अभयराज शर्मा, अर्जुन लोधी, राजकुमार सोनी, गोपीलाल प्रजापति, मोनू पचौली सहित कई लोग मौजूद रहे।
विमान यात्रा में किया गरबा
देवरी। डोल ग्यारस पर देवरी और गोरखपुर में विमान निकाले गए। गोरखपुर में विमान यात्रा के दौरान बच्चों ने गरबा और कन्याएं सिर पर कलश रखकर शोभायात्रा में शामिल हुईं। मंडी अध्यक्ष अमरजीतसिंह राज के घर से विमान निकाले गए। जो मुख्य मार्ग होते हुए राम जानकी मंदिर पहुंचे। वहीं देवरी में रामजानकी मंदिर से विमान निकाले गए। जिनका जगह-जगह समाजजनों ने स्वागत। रात में मंदिर पर भजनों का कार्यक्रम हुआ।
अखाड़ों में युवाओं ने दिखाए करतब
बेगमगंज| ढोल ग्यारस पर गांधी बाजार के मैदान में पंडित नाथूराम दुबे की अध्यक्षता में हिन्दू उत्सव समिति के तत्वाधान में चल समारोह निकाला गया। करीब दो दर्जन विमानों को लोग अपने अपने कांधों पर रखे हुए चल रहे थे। अखाड़ों में युवाओं ने करतब दिखाए। गांधी बाजार में दो दर्जन विमानों की सामूहिक पूजा अर्चना पं.शिवनारायण शास्त्री द्वारा मंत्रोच्चारण के साथ कराई। गांधी बाजार स्थित कुएं पर विमानों का जल बिहार कराया गया। हिन्दू उत्सव समिति ने नगर के गणमान्य नागरिकों एवं संरक्षकों अखाड़ों के उस्ताद खलीफाआें सहित भजन मंडलियों, सहित विमानों के साथ आए विभिन्न मोहल्लों के प्रमुखों को तिलक लगाकर एवं हार पहनाकर स्वागत किया।
लोगों ने पूजा-अर्चना कर लिया दर्शनों का लाभ
बेगमगंज में ग्यारस पर अंचल में जगह-जगह विमानों को नगर भ्रमण कर जल विहार कराया गया।