- Hindi News
- ताकू में पदस्थ सिग्नल मास्टर की ट्रेन में मौत
ताकू में पदस्थ सिग्नल मास्टर की ट्रेन में मौत
इटारसी-बैतूलरेलवे सेक्शन के ताकू में पदस्थ सिग्नल मास्टर की बीमारी से मौत हो गई। शव का बैतूल अस्पताल में पोस्टमार्टम कर शव इटारसी में परिजनों को सौंप दिया है।
जानकारी के अनुसार पटना निवासी एसके वर्मा पिता जवाहर वर्मा (45) इटारसी-बैतूल रेलवे सेक्शन के ताकू स्टेशन पर रेलवे एमसीएम सिग्नल मास्टर क्रॉप्ट के पद पर पदस्थ थे। 21 सितंबर को तबीयत खराब होने पर ताकू में डॉक्टर को दिखाया, लेकिन आराम नहीं मिलने पर 23 सितंबर मंगलवार को संपर्क क्रांति एक्सप्रेस से सुबह करीब 10 बजे नागपुर जा रहे थे। ट्रेन में तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर बैतूल स्टेशन पर इसकी सूचना दी गई। स्टेशन प्रबंधक एसके वर्मा ने एंबुलेंस को बुलाया और उन्हें ट्रेन से उतारा गया। जिला अस्पताल ले जाने पर डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बैतूल स्टेशन में पदस्थ सेक्शन इंजीनियर पीआर डांगे ने बताया कि वे पटना के निवासी थे और ताकू स्टेशन पर एमसीएम सिग्नल मास्टर क्रॉप्ट के पद पर पदस्थ थे। इटारसी में उनके परिजन रहते हैं। अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव को वाहन से इटारसी भेज दिया गया।