बनखेड़ी/इटारसी | 95साल के दूल्हे ने पूरे रीति रिवाज से 93 साल की दुल्हन से शादी रचाई। साक्षी बने सैकड़ों लोग। दरअसल बैतूल में रहने वाले रिटायर प्राचार्य महेश पचौरी के पिता शंकरलाल पचौरी और मां मीरा बाई की रविवार को 75वीं सालगिरह थी।
सालगिरह को ऐतिहासिक बनाने के लिए बेटे-बहू ने उनकी फिर से शादी का आयोजन बनखेड़ी के मछेराकलां में किया। माल्हनवाड़ा से घोड़े पर सवार शंकरलाल सुबह 10 बजे बारात लेकर निकले और दोपहर 12 बजे मछेराकलां पहुंचे। गांव में जगह-जगह बारातियों का स्वागत किया गया।
गाजे-बाजे के साथ डांस आदि भी होते रहे। किसी ने पटाखे फोड़े तो किसी ने फूलों की बारिश की। बारात मंडप में पहुंची और वहां लाल चुनरी में सजी-धजी 93 साल की दुल्हन मीरा बाई हाथों में वरमाला लेकर हाजिर हुई। स्टेज पर फूलों की बारिश और मंत्रोच्चार के साथ शादी सम्पन्न हुई। इनसेट: दुल्हनमीरा बाई।