- Hindi News
- सड़क पर बाजार लगाया तो सामान जब्त कर लेंगे
सड़क पर बाजार लगाया तो सामान जब्त कर लेंगे
शहरमें सड़कों पर लगने वाले बाजार और गुजरी को लेकर मंगलवार को प्रशासन ने मंथन किया। शहर के अपर रेस्ट हाउस में हुई बैठक में एसडीएम ने कड़े शब्दों में कहा कि कोई गुजरी और बाजार रोड पर नहीं लगेगा। दुकान लगी तो सामान जब्त होगा और दुकानदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। कालीमाई में भी कोयले का कोई ट्रक सड़क पर खड़ा नहीं रहेगा। खाली ट्रक खड़ा मिलता है तो इसे भी जब्त करने के निर्देश दिए हैं। मामले को लेकर मंगलवार ही भास्कर ने प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। इसके बाद एसडीएम ने नगर पालिका और व्यापारियों की बैठक लेकर निर्देश जारी कर दिए। एसडीएम ने नगर पालिका और पुलिस अधिकारियों से भी स्पष्ट रूप से कहा कि नियम बनाने की जिम्मेदारी उनकी है।
पॉवर जनरेटिंग कंपनी के अपर रेस्ट हाउस में नगर पालिका के अधिकारियों और व्यापारियों की बैठक हुई। बैठक में विरोध और सलाह के बीच आखिरकार तय हुआ कि पाथाखेड़ा के दो नंबर में लगने वाली गुजरी हर हाल में सड़क पर नहीं लगेगी। एसडीएम चंद्रप्रताप गोहिल ने व्यापारियों की सलाह के अनुसार शनिवार साप्ताहिक बाजार स्थल पर ही गुरुवार और सोमवार की गुजरी लगाने के निर्देश दिए। सारनी में रोजाना जयस्तंभ चौराहे पर लगने वाली गुजरी को भी यहां से मस्जिद के पीछे स्थित साप्ताहिक बाजार स्थल पर शिफ्ट करने के निर्देश दिए गए। निर्देशों का पालन बुधवार से ही किया जाएगा। नियमों को तोड़ने वालों के खिलाफ नगर पालिका सामान जब्ती बनाने और पुलिस दुकानदार के खिलाफ 110 की कार्रवाई करेगी।
बुधवार से ही लागू होगी व्यवस्था
^नगरपालिका और पुलिस विभाग को बाजार व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए हैं। सड़क पर दुकानें लगाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। ट्रक भी अब सड़क किनारे नहीं खड़े रह सकेंगे। इसके लिए भी इंतजाम कर दिया गया है। लगातार पीछे भिड़कर व्यवस्थाओं को सुधार जाएगा। नियम तोड़ने वालों पर स्थाई कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए हैं। सभी समस्याओं का समाधान किया गया है। किसी को आपत्ति नहीं है। -चंद्रप्रताप गोहिल, एसडीएम शाहपुर
बस स्टैंड जाएंगी बसें, जयस्तंभ से नहीं बैठा सकेंगी सवारियां
पॉवरजनरेटिंग कंपनी ने चार साल पहले यहां बस स्टैंड का निर्माण किया था। पाटाखेड़ा रोड पर बने बस स्टैंड को शुरू नहीं किया जा सका है। मंगलवार को हुई बैठक में तय हुआ कि बसें भी अब जयस्तंभ चौराहे से सवारियां बैठा नहीं सकेंगी। एसडीएम ने आरटीओ बैतूल को निर्देशित किया कि वे बस संचालकों को इसके लिए निर्देशित करें। जल्द बसें यहां बस स्टैंड तक जाएं और वहीं से सवारियां बैठाएं।
कालीमाई की बजाय माइन में खड़े रहेंगे ट्रक
कालीमाईमें खड़े रहने वाले खाली ट्रकों को लेकर भी प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया। एसडीएम ने कहा कि इन्हें खड़ा करने की वैकल्पिक व्यवस्था की जानी चाहिए। सड़क पर खड़े रहने से दुर्घटनाएं होती हैं। टीआई अनूप सिंह नैन ने कहा कि सड़कों पर वाहन खड़े रहने से पिछले एक महीने में 14 अलग-अलग हादसे हुए और 6 लोगों की जानें भी गई। इसलिए इन्हें हटाना जरूरी है। ट्रांसपोर्टरों से चर्चा के बाद तय हुआ कि डब्ल्यूसीएल की बंद सतपुड़ा-2 खदान में ट्रकों को खड़ा रखा जाएगा। खाली ट्रक किसी भी सूरत में मेन रोड के किनारे नहीं खड़े रहेंगे।
अपर रेस्ट हाउस में एसडीएम ने व्यापारियों, ट्रांसपोर्टर्स की बैठक ली।
बगडोना हवाई पट्टी तक फोरलेन बनेगा
दिलीपबिल्डकॉन कंपनी सलैया से बगडोना हवाई पट्टी तक फोर लेन रोड बनाएगी। दिलीप बिल्डकॉन कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर अनिल शर्मा ने बताया कि यहां करीब एक किमी क्षेत्र में फोर लेन सड़क का निर्माण प्रस्तावित है। मगर, जगह नहीं मिल पाई है। एसडीएम श्री गोहिल ने कहा कि हवाई पट्टी के बाद जरूर फारेस्ट लैंड है। मगर, सलैया से बगडोना के बीच सड़क को फोर लेन किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी सूरत में यह काम हो जाना चाहिए। कंपनी के मैनेजर ने कहा कि ड्रेनेज सिस्टम तैयार हो गया है। इसे बिगाड़ा नहीं जा सकता। इसलिए दोनों ओर 5-5 मीटर चौड़ी सर्विस रोड तैयार कर दी जाएगी। इससे आम लोगों को फायदा होगा।
10 फरवरी को प्रकाशित खबर
इम्पैक्ट
भास्कर