- Hindi News
- शिक्षकों ने कहा अब स्कूली बच्चों की हिंदी भी हो जाएगी कमजोर
शिक्षकों ने कहा- अब स्कूली बच्चों की हिंदी भी हो जाएगी कमजोर
जिलेके शिक्षकों ने रविवार को स्कूलों में हिंदी के शिक्षक का पद समाप्त किए जाने के विरोध में कलेक्टोरेट के सामने एक दिवसीय धरना दिया। इसके साथ ही कलेक्टर को बंगले पर पहुंचकर ज्ञापन भी सौंपा। मप्र शिक्षक संघ के पूर्व जिला उपाध्यक्ष रघुवर प्रसाद सोनी के नेतृत्व में यह धरना प्रदर्शन 11 बजे से शुरू हुआ। श्री सोनी ने बताया कि मिडिल स्कूलों की पद संरचना संबंधित आदेश में हिंदी शिक्षक के पद को षड्यंत्र पूर्वक शामिल नहीं किया है। इसके कारण हिंदी स्नातक सहायक शिक्षकों एवं सहायक अध्यापकों की पदोन्नति के अवसर समाप्त हो चुके हैं। मिडिल स्कूलों में हिंदी भाषा शिक्षक के पद सृजन करने के लिए शासन एवं प्रशासन से कई बार पत्र लिखकर निवेदन किया गया परंतु सभी का रवैया उदासीन ही रहा। मिडिल में हिंदी शिक्षक का पद सृजित नहीं करने की शासन की उदासीनता एवं हिंदी के साथ भेदभाव से दुखी होकर यह धरना प्रदर्शन किया गया है। उन्होंने कहा कि हिंदी का पद समाप्त कर देने से स्कूली बच्चों की हिंदी भी कमजोर हो जाएगी।
इस प्रदर्शन में हिंदी विषय के शिक्षक मौजूद थे।