समाज के हर वर्ग का हो विकास:भौमिक
{विजय भवन में हुई सामाजिक संगठनों की बैठक
नगरसंवाददाता|बैतूल
भाजपाको केंद्र और राज्य की सत्ता दिलाने में सामाजिक बंधुओं का बहुत बड़ा योगदान है। इसीलिए पार्टी का सोचना है, कि राष्ट्र और समाज के विकास में सभी का योगदान होना चाहिए।
यह बातें भाजपा के प्रदेश मंत्री तपन भौमिक ने विजय भवन में सामाजिक, धार्मिक संगठनों और अन्य संस्थाओं के साथ चर्चा के दौरान कही। इस अवसर पर पार्टी की राष्ट्रीय सचिव एवं क्षेत्रीय सांसद ज्योति धुर्वे, संभागीय संगठन मंत्री जितेंद्र लिटोरिया, विधायक हेमंत खंडेलवाल, जिलाध्यक्ष अनिल सिंह कुशवाह मौजूद थे। श्री भौमिक ने आगे कहा कि प्रदेश की शिवराज सिंह सरकार ने समाज के हर वर्ग के विकास के लिए काम किया है। विशेषकर छोटे तबके के लिए बहुत काम हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की सोच है कि विकास की यात्रा में समाज का कोई वर्ग अछूता नहीं रहे। उन्होंने कहा कि इसी लिए पार्टी के प्रदेश नेतृत्व ने तय किया है कि जिला स्तर पर सामाजिक संगठनों को बुलाकर उनके साथ चर्चा की जाए तथा उनके सुझाव प्राप्त कर उसे सरकार को दिए जाए, ताकि समाज की मंशानुरूप विकास की योजनाएं बनाई जा सके। विधायक हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि सामाजिक संस्थाएं भी राष्ट्र और प्रदेश के विकास के लिए ही काम कर रही है। राजनैतिक दल भी राष्ट्र और समाज के लिए ही काम करते हैं। इसीलिए तय किया गया है कि सभी के साथ एक मंच पर आकर बात करें। इस मौके पर लोगों ने विकास को लेकर अपने सुझाव भी रखे। इस बैठक में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।