पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • नपा कर रही छिड़काव, बारिश में बह रही दवा

नपा कर रही छिड़काव, बारिश में बह रही दवा

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
शहरमें डेंगू की स्थिति चिंताजनक बन गई है। लगातार डेंगू और इसके लक्षण के मरीज सामने आने के बाद अब बैतूल कलेक्टर आरपी मिश्र ने नगरपालिका से रोकथाम की स्थिति स्पष्ट करने को कहा है। पाथाखेड़ा के वार्डों में सबसे ज्यादा डेंगू के मरीज मिले हैं। अधिकतर लोगों का इलाज नागपुर और भोपाल के अस्पतालों में हो रहा है। नगर पालिका ने इसे लेकर रेड अलर्ट जारी कर दिया है।

शहर में रोज डेंगू के मरीज मिल रहे हैं। पाथाखेड़ा के 13 से लेकर 28 नंबर वार्ड तक के कई लोग इससे पीड़ित हैं। कइयों में डेंगू के लक्षण हैं। शहर में डेंगू रोकने के लिए नगर पालिका के प्रयासों पर हर बार पानी फिर जा रहा है। नगर पालिका एक दिन दवा का छिड़काव करती है और दूसरे दिन बारिश हो जाती है। कहीं पाउडर तो कहीं दवा का छिड़काव। अभी भी डेंगू का खतरा टला नहीं है। वार्ड 28 के पार्षद परसराम परते ने बताया कि डेंगू से उनके वार्ड में आधा दर्जन से ज्यादा लोग पीड़ित हैं। वहीं वार्ड 18, 19 में भी डेंगू के मरीज मिले हैं। वार्ड 14 और 15 के पार्षद एक दिन पहले ही मामले को लेकर नगर पालिका में शिकायत कर चुके हैं। लगातार डेंगू के मरीजों के बढ़ने के बाद कलेक्टर ने नगर पालिका से रोकथाम के उपायों की जानकारी मांगी है। सीएमओ अशोक शुक्ला ने बताया कि डेंगू की रोकथाम के लिए लगातार एक महीने से युद्धस्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। बारिश से जरूर दवाएं बह जा रही हैं। अब फागिंग मशीन भी शुरू की गई है। इससे बेहतर परिणाम रहे हैं। कीटनाशक दवाओं का छिड़काव भी लगातार किया जा रहा है। सेनेटरी इंस्पेक्टर केके भावसार ने बताया कि शोभापुर, पाथाखेड़ा और सारनी में अलग-अलग सेक्टर टीमें बनाई गई है। टीमें काम में जुटी हुई हैं।

बीमारी के बाद भी नहीं लगा स्वास्थ्य शिविर

नगरपालिका क्षेत्र में फैली डेंगू की बीमारी के बाद भी ना तो मलेरिया विभाग हरकत में आया और ना ही स्वास्थ्य विभाग। यहां किसी भी तरह का स्वास्थ्य जांच शिविर नहीं लगाया गया है। सारनी के पाथाखेड़ा शोभापुर के अलावा ग्रामीण अंचलों में भी स्थिति बेकाबू हो चली है। यहां पार्षदों और जनप्रतिनिधियों ने कलेक्टर को पत्र लिखकर डेंगू की रोकथाम के लिए उपाय करने और स्वास्थ्य शिविर लगाने की मांग की है।

सारनी में नगर पालिका ने डेंगू से बचने के लिए वार्डों में फागिंग मशीन शुरू की है।