गंदगी को साफ करो, गंदगी करना छोड़ दो
{स्वच्छ न्यायालय शिविर का आयोजन
बैतूल|जिलान्यायालय में स्वच्छ भारत अभियान के तहत स्वच्छता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला एवं सत्र न्यायाधीश वीके दुबे ने गंदगी को साफ करो या गंदगी करना छोड़ दो, पर गंदगी के साथ मत रहो के स्लोगन के अनुसार अपने परिवेश में स्वच्छता लाने के लिए स्वयं की जिम्मेदारी को सुनिश्चित करने पर बल दिया। स्वच्छता अच्छे स्वास्थ्य एवं कुशल कार्य दक्षता की पहचान है। स्वच्छता के कार्यक्रम में सहभागीदारी पर बल देते हुए अपने-अपने दायित्व का निर्वहन समग्र सजगता से किए जाने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने न्यायालय परिसर के अतिरिक्त बैतूल शहर में भी कचरे को यहां-वहां फेंककर डस्टबीन, कूड़ेदान आदि में डालने के लिए उपस्थित जन को प्रेरित किया। अपर जिला न्यायाधीश प्रभात कुमार मिश्रा ने कहा कि स्वच्छता हमारे विचारों, कर्तव्यों में शामिल होना चाहिए। इसी क्रम में रजिस्ट्रार,समन्वयक, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण संजय राज ठाकुर ने कहा कि स्वच्छता एक सकारात्मक सोच का परिणाम है। श्री ठाकुर ने पूर्ण इच्छाशक्ति से अभियान को सफल बनाए जाने का आव्हान कर कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन किया। इस अवसर पर अपर जिला न्यायाधीश प्रशांत कुमार निगम, स्वच्छता अभियान प्रभारी अपर जिला न्यायाधीश कुमारी सुमन श्रीवास्तव, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी नोरिन निगम, जिला न्यायालय रजिस्ट्रार, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण संजय राज ठाकुर आदि उपस्थित थे।