- Hindi News
- जांचकर्ता की सेवाएं मूल विभाग को वापस लौटाई
जांचकर्ता की सेवाएं मूल विभाग को वापस लौटाई
पंचायतसचिवों की तबादला सूची में भ्रष्टाचार होने की गाज जांच के प्रमुख अधिकारी पर गिरी। जिला पंचायत में डेपुटेशन पर कार्यरत अधिकारी को मूल विभाग में वापस भेज दिया गया है। इससे एक बार फिर जांच के उलझने की स्थिति पैदा होने लगेगी। उल्लेखनीय है कि बैतूल जिला पंचायत में सचिवों की तबादला सूची में भ्रष्टाचार की शिकायतों को लेकर खींचतान मची हुई है। तबादलों को लेकर जनप्रतिनिधियों के माध्यम से शिकायतें करने पर कलेक्टर आरपी मिश्र ने सचिवों की तबादला सूची पर रोक लगाने के साथ ही जांच के आदेश दिए थे। इसमें जांच टीम में जिला पंचायत के असिस्टेंट सीईओ आदित्य नागर को प्रमुख रूप से जिम्मेदारी सौंपी गई थी, लेकिन जांच होने के पहले ही कमिश्नरी से सचिवों की तबादला सूची यथावत रखने और कलेक्टर के आदेश को स्थगित कर दिया। इससे अधिकारी वर्ग में खींचतान की स्थिति पैदा हो गई थी। बुधवार को इस मामले ने एक नया मोड़ आया है। इसकी गाज सचिवों की तबादला सूची की जांच में जुटे आदित्य नागर पर गिरी। कलेक्टर आरपी मिश्र ने डेपुटेशन पर जिला पंचायत में कार्यरत श्री नागर को उनके मूल विभाग (वित्त विभाग) में भेजने के आदेश जारी कर दिए। इस आदेश से अधिकारियों में हलचल मच गई। इससे सचिवों की तबादला सूची की जांच एक बार फिर उलझने की नौबत बन गई है।