तेज आंधी के साथ हुई रिमझिम बारिश
रविवारदोपहर चार बजे तेज आंधी के साथ हल्की रिमझिम बारिश हुई। इससे पहले सुबह धूप खिली थी। अचानक बदली छाने से ऐसा लग रहा था कि तेज बारिश होगी। लेकिन तेज आंधी और हवा चलने के कारण हल्की रिमझिम बारिश ही हुई है। हालांकि इससे कुछ देर के लिए उमस से लोगों को जरूर राहत मिली। बारिश का मौसम अलविदा होने को है, जबकि जिले की औसत बारिश के करीब ही आंकड़ा पहुंच सका है। कम बारिश के कारण गर्मी में पानी की किल्लत जैसी स्थिति बनने की आशंका है।
मौसम विभाग के अनुसार 15 सितंबर को मानसून अलविदा हो जाता है, हालांकि इसके बाद भी हल्की बारिश का दौर जारी रहता है। जिले की औसत बारिश 1083.9 है, जबकि इसके एवज में 16 सितंबर तक रविवार को बैतूल शहर में 1013.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। जबकि जिले की औसत बारिश का आंकड़ा अभी 951.0 तक पहुंच सका है। औसत बारिश के लिए अब भी 132.9 मिलीमीटर बारिश की दरकार है।
लबालब नहीं हो सके हैं जिले के डेम
जिलेमें कम बारिश के कारण डेम लबालब नहीं हो सके हैं। सांपना जलाशय, कोसमी डेम तेज बारिश के समय जरूर लबालब हो गए थे। लेकिन पानी बहने के कारण डेमों में लबालब जैसी स्थिति नहीं हैं। हालांकि शहर के तीनों तालाब अभिनंदन सरोवर, बड़ा तालाब कोठीबाजार और काशी तालाब शहर लबालब हो चुके हैं। डेमों से रबी सीजन में किसानों को खेतों में सिंचाई के लिए पानी समस्या से जूझना पड़ सकता है।
रिमझिम बारिश के दौरान छाता लगाकर जाती युवतियां।