विष्णु जी ने किया नारद का मोह भंग
{ ध्वज पूजन के साथ शुरू हुई रामलीला
बैतूल|श्रीकृष्ण पंजाब सेवा समिति के तत्वावधान में रामलीला एवं दशहरा उत्सव का 57 वां आयोजन बुधवार को ध्वज पूजन और नारद मोह के मंचन के साथ शुरू हुआ। 4 अक्टूबर तक शहर के गंज स्थित रामलीला मैदान पर रामलीला का मंचन किया जाएगा। इसका शुभारंभ ध्वज पूजन के साथ हुआ। शाम को समिति के पदाधिकारी गाजे-बाजे के साथ पंजाबी कृष्ण मंदिर से ध्वज लेकर रवाना हुए। गंज क्षेत्र के प्रमुख मार्गों से होते हुए ध्वज रामलीला मंच पहुंचा। मंच पर विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद भगवान राम की झांकी की आरती की गई। मंच पर नारद जी के मोह का मंचन सतना से आए सिद्घ मानस रामलीला मंडल के पारंगत कलाकारों ने किया। रामलीला में गुरुवार को श्रीराम जन्म, सीता जन्म मुनि आगमन की कथा का मंचन किया जाएगा। आयोजन समिति ने नगर और क्षेत्र के श्रद्घालुओं से रामलीला देखने पहुंचने के लिए कहा है।