बैतूल में 4 करोड़ की लागत से बनेंगे पांच स्टेडियम
बैतूल। जिले में खेलों को बढ़ावा देने के लिए पांच स्टेडियम बनाए जाएंगे। इनमें इंडोर और आउटडोर खेलों की व्यवस्थाएं रहेंगी।
योजना के तहत एक ही स्टेडियम परिसर में इंडोर और आउटडोर खेलों के लिए अलग-अलग व्यवस्था रहेगी। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक स्टेडियम बनाया जाएगा। इसके लिए खेल एवं युवक कल्याण विभाग ने सर्वे भी शुरू करवा दिया है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में जमीन तलाशी जा रही है।
इन क्षेत्रों में बनेंगे स्टेडियम, प्रत्येक की लागत 80 लाख
जिले में पांच विधानसभा क्षेत्र हैं। बैतूल, मुलताई, घोड़ाडोंगरी, आमला और भैंसदेही विधानसभा क्षेत्र में एक-एक स्टेडियम बनाया जाएगा। प्रत्येक स्टेडियम 80 लाख की लागत से बनेगा। इस तरह कुल 4 करोड़ की लागत से इस प्रोजेक्ट पर काम होगा।
प्रत्येक स्टेडियम के लिए 7 एकड़ जमीन
प्रत्येक स्टेडियम 7 एकड़ जमीन पर बनाया जाएगा। इसके लिए जमीन तलाशी जा रही है।
3 एकड़ में इंडोर गेम्स की होगी व्यवस्था
प्रस्तावित स्टेडियमों का डिजाइन इस तरह बनाया जाएगा कि उनमें इंडोर गेम्स के लिए 3 एकड़ जमीन रहे। वहीं बची हुई जमीन पर आउटडोर गेम्स के लिए इंतजाम रहेंगे।
फिलहाल ये प्रमुख स्टेडियम हैं जिले में
- शहर में न्यू बैतूल ग्राउंड है। क्षेत्रफल 2 लाख 68 हजार 716 स्क्वेयर फीट है।
- शहर मुख्यालय पर ही पुलिस ग्राउंड है। इसका क्षेत्रफल 5 लाख 50 हजार 746 स्क्वेयर फीट है।
- शहर मुख्यालय पर लालबहादुर शास्त्री स्टेडियम है। इसका क्षेत्रफल 1 लाख 33 हजार 312 स्क्वेयर फीट है।
- पाथाखेड़ा में विजय क्रीडांगन है। सर्वसुविधा युक्त इस स्टेडियम में अधिकांश आयोजन होते हैं।
- सारनी में रामख्यानी स्टेडियम है। इसका मेंटेनेंस पावर जनरेटिंग कंपनी करती है।
वर्जन -
बैतूल जिले में पांच स्टेडियम बनाने के लिए योजना है। प्रत्येक विधानसभा में एक स्टेडियम बनाया जाएगा। स्टेडियम के लिए जमीन तलाशी जा रही है। 7 एकड़ जमीन पर बनने वाले प्रत्येक स्टेडियम में इंडोर और आउटडोर गेम्स की व्यवस्था रहेगी।
- अरविंद इलियाजर, जिला खेल एवं युवक कल्याण अधिकारी