69 पंचायतों के रोजगार सहायकों ने दिया धरना
रोजगार सहायकों ने खून से लिखा पत्र, कहा : हमारी मांगें पूरी करो
भास्कर संवाददाता | घोड़ाडोंगरी
ब्लॉक के रोजगार सहायकों की कलम बंद हड़ताल मंगलवार जारी रही। जनपद पंचायत के सामने रोजगार सहायक धरने पर बैठकर अपने खून से पत्र लिखकर कहा मंत्री जी मांगे पूरी करो।
रोजगार सहायक नारायण सिसोदिया, संजू साहू ने बताया नियमितिकरण की मांग को लेकर कलम बंद हड़ताल की जा रही है। हड़ताल 14 फरवरी तक चलेगी। इसके बाद भी यदि मांगे पूरी नहीं हुई तो अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी। धरने में दिलीप यादव, भूपेंद्र राठौर, प्रवीण यादव सहित ब्लॉक के रोजगार सहायक उपस्थित थे।
शाहपुर| संविदा अमले के नियमिति करण की मांग कर रहे रोजगार सहायकों ने मंगलवार को जनपद के समीप प्रदर्शन किया। अध्यक्ष धर्मादास बिहारे ने बताया समान कार्य समान वेतन की मांग पर हड़ताल जारी है।
भैंसदेही| रोजगार सहायक संघ की कलमबंद हड़ताल से जिन रोजगार सहायकों के पास सचिव का प्रभार है, वहां काम प्रभावित हो रहा है। ब्लॉक की चिल्कापुर, मालेगांव, सांवलमेंढा, विजयग्राम, कोथलकुंड, उदामा और धामनगांव में काम प्रभावित हो रहा है।
आठनेर| रोजगार सहायकों का धरना मंगलवार को भी जारी रहा। प्रदर्शन में ब्लॉक अध्यक्ष जागेश गावंडे, धर्मेंद्र साहू, ब्रम्हदेव बारस्कर, राजू कवड़कर, केशीराम खंडाइत, राजेश झाड़े सहित आदि मौजूद थे।
8 फरवरी से चल रही कलमबंद हड़ताल 14 फरवरी तक चलेगी। इसमें रोजगार सहायक के साथ मनरेगा में कार्यरत अधिकारी व कर्मचारी शामिल है। इनकी हड़ताल से पंचायतों में कामकाज प्रभावित हो रहा है।
घोड़ाडोंगरी. खून से पत्र लिखते रोजगार सहायक।
मुलताई। रोजगार सहायकों ने मांगों को लेकर कलम बंद हड़ताल शुरू कर दी है। मंगलवार को ब्लॉक के 69 पंचायतों के रोजगार सहायकों ने जनपद कार्यालय के सामने धरना दिया। रोजगार सहायकों की हड़ताल से पंचायतों में मनरेगा के कार्य प्रभावित हो गए है। संघ के ब्लॉक अध्यक्ष सुभाष धोटे, नरेंद्र गढ़ेकर ने बताया नियमितिकरण की मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।