स्वाइन फ्लू के तीन मरीज ग्वालियर रैफर
स्वाइनफ्लू के तीन मरीजों को जिला अस्पताल से ग्वालियर रैफर कर दिया गया है। सीएमएचओ डॉ. राकेश शर्मा ने बताया कि भिंड अस्पताल में व्यवस्था नहीं होने की वजह से स्वाइन फ्लू अौर संदिग्ध मरीजों को ग्वालियर रैफर किया जा रहा है। अभी हाल में तीन मरीजों को ग्वालियर रैफर किया गया है। सबसे अहम बात तो यह है कि स्वाइन फ्लू के बचाव को लेकर जिला अस्पताल के स्टोर में पर्याप्त टेबलेट भी नहीं है।
सीएमएचओ डॉ राकेश शर्मा ने कहा कि शाहिद अली निवासी पुरानी बस्ती अौर सुखबीर सिंह को ग्वालियर रैफर किया गया है। एक अन्य मरीज को स्वाइन फ्लू की आशंका के तहत परीक्षण कर ग्वालियर भेज दिया है। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि भिंड अस्पताल में स्वाइन फ्लू से निपटने को लेकर खासे इंतजाम नहीं है। उल्लेखनीय है कि चार दिन पहले स्वास्थ्य विभाग दावा कर रहा था कि स्वाइन फ्लू के मरीजों के इलाज को लेकर नोडल अफसर नियुक्त किया गया है, अस्पताल में पर्याप्त दवाओं की व्यवस्था की गई है, लेकिन जिला अस्पताल में स्वाइन फ्लू से लड़ने को लेकर सिविल सर्जन से लेकर सीएमएचओ के पास पर्याप्त संसाधन नहीं है।