कलेक्टर ने नपा का गेट बंद कर ली हाजिरी तो 22 कर्मचारी थे गैरहाजिर
कलेक्टर ने गंदगी पर जताई नाराजगी
भास्कर संवाददाता | भिंड
ऑफिस खुलने का समय 10.30 बजे का है, कलेक्टर इलैया राजा टी उसी समय नगर पालिका दफ्तर पहुंचे तो उन्हें इंचार्ज सीएमओ के चेंबर पर ताला लटकता मिला। तुरत-फुरत नपा के दोनों गेटों को बंद कराया गया और फिर हाजिरी रजिस्टर हाथ में लेकर इलैया राजा ने खुद कर्मचारियों की क्लास ली। स्वास्थ्य अधिकारी आरके नरवरिया के बारे में जब बताया गया कि वे फायर ब्रिगेड पर हैं तो वे बोले, वह कुछ भी काम नहीं करता है।
22 कर्मचारी आए ही नहीं, चार हाजिरी लगाकर चले गए: नगरपालिका में 69 कर्मचारी पदस्थ हैं। इनमें से 22 कर्मचारी अनुपस्थित मिले। जबकि चार कर्मचारी हाजिरी लगाकर चले गए। नपा ऑफिस में चल रही इस धींगामस्ती पर कलेक्टर इलैया राजा ने कर्मचारियों की जमकर क्लास ली। उन्होंने 22 कर्मचारियों का एक-एक दिन का वेतन काटने के निर्देश इंचार्ज सीएमओ को दिए हैं। हाजिरी भरकर खिसकने वाले चार अन्य कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
समय पर आएं कर्मचारी
ऑफिस खुलने का समय 10.30 बजे का है। सभी कर्मचारियों को अपने समय पर आकर काम करना होगा। कलेक्टर ने एक-एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए हैं। यही रवैया रहा तो निलंबन की कार्रवाई भी की जाएगी। कलावती जाटव, अध्यक्ष नपा
200 वेतनभोगियों को नहीं मिला तीन माह से वेतन
नगर पालिका में कार्यरत 200 वेतनभोगी कर्मचारियों को पिछले तीन माह से वेतन नहीं मिला है। इन कर्मचारियों को 5940 रुपए का प्रतिमाह भुगतान किया जाता है। तीन माह से यह राशि भी नहीं मिलने से कर्मचारियों के घरों में उदर पोषण के लिए विकट स्थिति पैदा हो गई है। सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन के जिला सचिव अशोक शर्मा ने चेतावनी दी है कि सुबह समय पर आना और देर तक ऑफिस में काम करना, यह कर्मचारियों की नियति बन गई है। इसके बाद भी तीन-तीन माह तक वेतन का भुगतान न होना, इसे मानवीय दृष्टिकोण से अन्याय ही कहा जाएगा।
फोन पर कार्रवाई का जायजा लेते रहे प्रभारी सीएमओ
प्रभारी सीएमओ एवं एसडीएम बीबी अग्निहोत्री को जब यह मालूम चला कि कलेक्टर इलैया राजा उनके चेंबर के बाहर खड़े होकर नपा का जायजा ले रहे हैं तो उन्होंने एक कर्मचारी को मोबाइल पर कॉल कर दिया। इसके बाद वे मोबाइल से ही पूरी कार्रवाई के बारे में सुनते रहे। वहीं नगर पालिका में कर्मचारियों की बायोमैट्रिक हाजिरी के लिए स्थापना कक्ष में मशीन लगी हुई है, लेकिन यह मशीन ठीक काम ही नहीं करती। कलेक्टर ने बायोमैट्रिक हाजिरी का ब्यौरा मांग लिया है। इसे लेकर स्थापना शाखा में कर्मचारी काफी परेशान देखे गए।
सीसीटीवी कैमरे भी ठीक ढंग से नहीं कर रहे काम
ऑफिस में अलग-अलग चेंबरों में आठ सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। दोनों गेट पर भी इन्हें लगाया गया है, लेकिन यह लंबे समय से काम नहीं कर रहे। इन कैमरों में तस्वीर कैद करने और मॉनीटर पर डिस्पले करने वाला सर्वर कहां लगा है, यह भी किसी को पता नहीं है। पूछने पर बताया गया कि सीएमओ चेंबर का रिनोवेशन होने के बाद उसे लगाया जाएगा। वहीं नपा ऑफिस में घुसने के बाद कलेक्टर को जब फर्श और दीवारें गंदी दिखीं तो वहां मौजूद कर्मचारियों से कहा कि नपा में तीस के करीब भृत्य हैं अगर वे सभी अपने-अपने चेंबर के बाहर सफाई करना शुरू कर दें तो ऑफिस चमकने लगेगा।
नगर पालिका दफ्तर में सुबह 10 बजकर 30 मिनट पर कर्मचारियों की हाजिरी लेते हुए कलेक्टर इलैया राजा टी।